कनाडा पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी करने वाले अधिकारी 'प्रोजेक्ट एश्योरेंस' का हिस्सा थे। ये दल उन इलाकों में गश्त करता है, जहां जबरन वसूली से जुड़ी हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। सरे पुलिस ने बताया कि हाल के महीनों में इलाके में घरों और व्यवसायिक परिसरों पर गोलीबारी की घटनाएं बढ़ी हैं और नए साल के बाद इनमें और इजाफा हुआ है।
कनाडा के सरे शहर में एक घर के बाहर गोलीबारी की घटना के बाद तीन भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। कनाडाई पुलिस के अनुसार आरोपियों को रंगदारी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पकड़ा गया।
विज्ञापन
सरे पुलिस सेवा ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि हरजोत सिंह (21), तरणवीर सिंह (19) और दयाजीत सिंह बिलिंग (21) पर एक-एक मामले में हथियार से गोलीबारी करने का आरोप लगाया गया है। तीनों को हिरासत में भेज दिया गया है और वे 5 फरवरी 2026 तक रिमांड पर रहेंगे।
घर के बाहर गोली चलने और आग की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 1 फरवरी 2026 की सुबह सरे के क्रेसेंट बीच इलाके में क्रेसेंट रोड और 132 स्ट्रीट के पास एक घर के बाहर गोली चलने और छोटी आग लगने की सूचना मिली थी। इसके कुछ ही समय बाद गश्ती दल ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मामले की जांच अब सरे पुलिस की मुख्य अपराध शाखा कर रही है। तीनों आरोपियों पर कनाडा के आपराधिक संहिता की धारा 244.2(1)(a) के तहत किसी स्थान पर गोली चलाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि जांच जारी है और आगे और आरोप भी लगाए जा सकते हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
सरे पुलिस ने पुष्टि की है कि तीनों आरोपी विदेशी नागरिक हैं और इस मामले में कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी (सीबीएसए) को भी शामिल किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के वीजा या आव्रजन स्थिति की भी जांच की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान एक आरोपी को चोटें आईं, जिनमें दोनों आंखों के नीचे सूजन शामिल है। सरे पुलिस की स्टाफ सार्जेंट लिंडसे हॉटन ने बताया कि एक आरोपी ने राइड-शेयर वाहन से बाहर आने के निर्देशों का पालन नहीं किया और सक्रिय रूप से विरोध किया, जिसके बाद उसे जमीन पर गिराकर सुरक्षित रूप से हथकड़ी लगाई गई। उन्होंने बताया कि दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तारी के दौरान चोट लगी, क्योंकि उसने भी निर्देशों का पालन नहीं किया।