ऑस्ट्रेलिया में मार्च-4 जस्टिस निकालते हुए लोग
- फोटो : twitter
ऑस्ट्रेलिया में हजारों महिलाओं ने यौन हिंसा और लैंगिक भेदभाव के खिलाफ प्रदर्शन किया। देश के 40 से अधिक शहरों में महिलाओं ने मार्च-4 जस्टिस निकाला। राजधानी केनबरा में संसद भवन के सामने प्रदर्शन में प्रदर्शनकारियों के हाथों में तख्तियां थीं जिन पर लिखा था, महिलाओं के लिए न्याय और पुरुष अपना अपराध स्वीकार करें।
प्रदर्शनकारियों में अधिकतर महिलाएं शामिल थीं और उन्होंने विरोध स्वरूप काले कपड़े पहने हुए थे। मार्च-4 जस्टिस रैलियां हाल ही में हुए यौन उत्पीड़न, लैंगिक भेदभाव और ऑस्ट्रेलिया के कुछ उच्चतम सियासी कार्यालयों में कदाचार के आरोपों के बाद निकाली गईं।
बता दें कि हाल ही में रिपोर्ट किए गए मामलों में दुष्कर्म के आरोप अटॉर्नी-जनरल क्रिश्चियन पोर्टर पर लगाए गए हैं। हालांकि उन्होंने आरोपों से इनकार किया है लेकिन मॉरिसन की सरकार में और भी कुछ लोगों पर लगे दुष्कर्म के आरोपों के चलते आगामी दो सप्ताह तक संसदीय कार्यवाही के दौरान यह मामला हावी होने की संभावना है।
प्रदर्शनकारियों से नहीं मिले पीएम
प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने प्रदर्शनकारियों की उस मांग को खारिज कर दिया जिसमें उनसे आंदोलन कर रहे लोगों को संबोधित करने की मांग की गई थी। लेकिन वे प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल से अपने कार्यालय में मुलाकात करने पर सहमत हो गए।
इस पर प्रदर्शन की एक आयोजक जेनिन हेनड्राई ने कहा, हम पहले ही आपके दरवाजे पर आ गए हैं, अब सरकार पर है कि वह चौखट को लांघ कर हमारे पास आए। उन्होंने कहा, हम उनके कार्यालय से 200 मीटर दूर हैं और हमारे लिए बंद दरवाजों के पीछे मिलना उचित नहीं है।