अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रशासन को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। इस बार मामला व्हाइट हाउस तक पहुंच बनाने, निजी फायदे से जुड़ा है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने साफ कहा है कि अगर कोई व्यक्ति व्हाइट हाउस तक पहुंच बेचने का काम करता है, तो उसे इसकी कीमत चुकानी चाहिए। उनका यह बयान पूर्व अमेरिकी राजदूत किम्बर्ली गिलफॉयल पर लगे आरोपों और ट्रम्प परिवार की क्रिप्टोकरेंसी से हुई कमाई को लेकर चल रही चर्चा के बीच आया है।
'गलत काम करने वालों को बचाया नहीं जाएगा'
सीबीएस न्यूज को दिए इंटरव्यू में वेंस ने कहा कि व्हाइट हाउस तक पहुंच बेचने का काम बेहद शर्मनाक है और ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी पर आरोप लगने भर से उसे दोषी नहीं माना जा सकता। उनके मुताबिक, किसी भी मामले में फैसला खबरों या चर्चाओं के आधार पर नहीं, बल्कि ठोस सबूतों को देखकर लिया जाना चाहिए।
गिलफॉयल पर 1 लाख डॉलर मांगने का आरोप
किम्बर्ली गिलफॉयल हाल ही में ग्रीस में अमेरिकी राजदूत के पद से हटने की पुष्टि कर चुकी हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, व्हाइट हाउस ने उनसे पद छोड़ने को कहा था। उनके खिलाफ आरोप है कि उन्होंने ट्रम्प प्रशासन से मदद मांग रहे एक व्यक्ति से अपने 1 लाख डॉलर के अमेरिकन एक्सप्रेस बिल का भुगतान करने के लिए कहा था। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला जुलाई 2025 में उनकी सीनेट में नियुक्ति की पुष्टि से जुड़ी सुनवाई से कुछ समय पहले का है।
गिलफॉयल ने आरोपों से पल्ला झाड़ा
ट्रम्प के समर्थक और डोनर एरिक डिटर्स ने दावा किया कि उनसे भुगतान करने को कहा गया था, लेकिन उन्होंने पैसे नहीं दिए। दूसरी ओर, गिलफॉयल के वकील जेसी बिन्नल ने रिपोर्ट में बताए गए संदेशों की प्रामाणिकता पर सवाल उठाए हैं। गिलफॉयल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने ऊपर लगे आरोपों को झूठा बताया। उन्होंने कहा कि वह अपने नाम, प्रतिष्ठा और ईमानदारी की रक्षा करेंगी।
ट्रम्प ने भी बनाई दूरी
गिलफॉयल के पद छोड़ने के मामले पर राष्ट्रपति ट्रम्प ने भी उनसे दूरी बनाते हुए कहा कि वह उनके परिवार की सदस्य नहीं हैं। उन्होंने बताया कि गिलफॉयल ने पहले उनके बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रम्प जूनियर को डेट किया था। ट्रम्प ने यह भी कहा कि गिलफॉयल काम ठीक कर रही थीं, लेकिन उनके बारे में सामने आ रही खबरें उन्हें पसंद नहीं आईं। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव केटी जकारिया ने कहा कि गिलफॉयल से पद छोड़ने के लिए कहा गया था।
ट्रम्प की क्रिप्टो कमाई पर भी उठे सवाल
विवाद केवल गिलफॉयल तक सीमित नहीं है। अमेरिकी ऑफिस ऑफ गवर्नमेंट एथिक्स के वित्तीय खुलासों के मुताबिक, वर्ष 2025 में ट्रम्प को अपने परिवार से जुड़े क्रिप्टोकरेंसी कारोबार से 1.4 अरब डॉलर से अधिक की कमाई हुई। इसमें वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल से 50 करोड़ डॉलर से ज्यादा और उनके $ट्रम्प मीम कॉइन की बिक्री से करीब 63.5 करोड़ डॉलर की कमाई शामिल बताई गई है।
ये भी पढ़ें:
टेक्सास के स्कूलों का काला सच: धक्का-मुक्की व मजाक पर मासूमों को हथकड़ी, कितने बच्चे कोर्ट हुई कोर्ट में पेशी?
कांग्रेस के समन पर वेंस का जवाब
वेंस से यह भी पूछा गया कि अगर मध्यावधि चुनाव के बाद डेमोक्रेट्स प्रतिनिधि सभा या सीनेट में बहुमत हासिल कर लेते हैं और प्रशासन से जानकारी मांगते हैं, तो क्या सरकार कांग्रेस के समन का पालन करेगी। इस पर उन्होंने कहा कि प्रशासन कानून का पालन करेगा।