स्कूल जाने का ऐसा जज्बा आपने पहले कभी नहीं देखा होगा। इंडोनेशिया का एक छात्र तीन किलोमीटर हाथों के सहारे चलकर स्कूल जाता है। अब्दुल खोलिस इंडोनेशिया के पश्चिमी जावा प्रांत के सुकाबुमी शहर के एक गांव में अपने गरीब परिवार के साथ रहता है। इस लड़के की उम्र आठ साल है और लोग प्यार से उसे अदुल बुलाते हैं। अदुल 3 दिसंबर को तब सुर्खियों में आया जब स्कूल जाने का उसका एक वीडियो सामने आया।
इस वीडियो के वायरल होने के बाद इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो ने उससे मुलाकात की। अजन्मजात बीमारी से दोनों पैरों से दिव्यांग हैं और वो होथों में चप्पल पहनकर घुटनों के बल चलकर स्कूल जाता है। अदुल के गांव से स्कूल जाने के लिए न तो सड़क है और न ही बस सेवा।
वह हाथों में चप्पल पहनकर रोजाना ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी रास्तों पर हाथ के सहारे चलकर स्कूल जाता है। अदुल को पढ़ाने वाले टीचर अदुल की जबरदस्त इच्छा शक्ति और पढ़ने की ललक के कायल है। टीचर्स का कहना है कि अदुल स्कूल के सभी बच्चों से ज्यादा मोटिवेटेड छात्र है। स्कूल के प्रिंसिपल, एपी मुल्यादी ने कहा कि अदुल पूरे दिन बहुत एक्टिव रहता है।