पाकिस्तान के सबसे सुरक्षित और संवेदनशील जोन में से एक इस्लामाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा भगवान के भरोसे पर है। पाकिस्तान के अखबार डान के मुताबिक वहां पर बम का पता लगाने वाला और बम निरोधक दस्ता नहीं है। खुफिया अधिकारियों ने पिछले महीने क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी (आरपीओ) सोहेल हबीब ताजिक को इस बारे में अवगत कराया था।
अखबार ने सूत्रों के हवाले से छापा कि खुफिया जानकारी के मुताबिक इस्लामाबाद एयरपोर्ट के चारों तरफ जंगल है और इसके सबसे करीब इस्लामाबाद है जो कि यहां से 28 किमी दूरी पर है, वहीं रावलपिंडी 33किमी और अटोक 82 किमी दूर है।
आपातकालीन स्थिति में इतनी दूरी से बचाव दल और बम निरोधी दस्ते समय पर एयरपोर्ट परिसर में नहीं पहुंच सकते। ऐसे में वहां बचाव दलों को लगातार मौजूदगी रहनी चाहिये। इसके साथ ही वहां खोजी कुत्तों को तैनात किए जाने को भी कहा गया है।
खुफिया जानकारी के आधार पर आरपीओ ताजिक ने रावलपिंडी शहर के पुलिस अधिकारी और अटोक के जिला पुलिस अधिकारी (डीपीओ) से इस मामले पर रिपोर्ट मांगी है। वहीं इस मामले पर अटोक के डीपीओ सैयद खालिद हमदानी ने कहा कि इस्लामाबाद और रावलपिंडी की पुलिस ने इस्लामाबाद एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुरक्षा रखी है है।
वहीं एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने एयरपोर्ट पर सुरक्षा प्रणाली को असुरक्षित और पुरानी बताया। उनके मुताबिक किसी भी संदिग्ध वस्तु पर सुरक्षा कर्मी कंबल रखकर उसे एक गड्ढे पर ले जाते हैं। उन्होंने कहा इस बारे में संबंधित अधिकारियों को बन निरोधक और पता लगाने वाले दस्ते की तैनाती को लेकर कई बार पत्र लिखे, लेकिन उनके प्रयास हर बार असफल रहे।