पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने आज भारत को संदेश भेजा है कि करतारपुर कॉरिडोर के मसौदे को अंतिम रूप देने के लिए दूसरी बैठक 14 जुलाई को आयोजित की जाएगी। यह बैठक वाघा में होगी। इस बैठक में करतारपुर कॉरिडोर के तौर तरीकों को अंतिम रूप दिया जाएगा और अन्य तकनीकी मुद्दों को सुलझाया जाएगा।
बता दें कि भारत ने करतारपुर कॉरिडोर पर अगले दौर की चर्चा के लिए पाकिस्तान को 11-14 जुलाई की तारीखों का प्रस्ताव दिया था। इससे पहले भारत ने इस अहम प्रोजेक्ट के लिए इस्लामाबाद द्वारा गठित समिति में खालिस्तानी अलगाववादियों को शामिल किए जाने पर कड़ा विरोध जताया था और इस्लामाबाद से इस प्रोजेक्ट से संबंधित कुछ अन्य मुद्दों पर स्पष्टीकरण भी मांगा था।
कुछ दिन पहले ही भारत ने कहा था कि पाकिस्तान ने इस कॉरिडोर को लेकर उसके प्रस्तावों को मानने से इनकार कर दिया था और इसके लिए कुछ नियम और शर्तें भी लगाई थीं। पाक का कहना था कि श्रद्धालुओं को सिर्फ एक विशेष परमिट व्यवस्था के तहत करतारपुर की यात्रा करने की इजाजत दी जाएगी।
भारत ने प्रस्ताव दिया था कि भारतीय नागरिकों के अलावा ‘ओवरसीज इंडियन कार्ड ’(ओआईसी) धारकों को भी तीर्थयात्रा की इजाजत दी जाए लेकिन पाकिस्तान ने कहा था कि सिर्फ भारतीय नागरिकों को ही इजाजत दी जाएगी। भारत का सुझाव था कि इसे हफ्ते के सातों दिन और साल में 365 दिन खुला रखा जाए, लेकिन पाकिस्तान ने कहा था कि इसे सिर्फ तीर्थयात्रा के दौरान ही खुला रखने की इजाजत दी जाएगी।