फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजकुमारों ने बताए डायना के साथ अपने बचपन के मज़ेदार क़िस्से

Mon, 24 Jul 2017 10:12 AM IST
बीबीसी हिन्दी
विज्ञापन
राजकुमार विलियम, हैरी और मां राजकुमारी डायना
विज्ञापन
राजकुमार विलियम और हैरी ने अपनी मां राजकुमारी डायना को उनकी 20वीं पुण्यतिथि पर एक डॉक्युमेंट्री के ज़रिए याद किया। आईटीवी की एक डॉक्युमेंट्री में राजकुमारी को याद करते हुए दोनों राजकुमारों ने कहा कि वह ''महल की दीवारों के बाहर की असली ज़िंदगी'' को समझती थीं और हमेशा उन्हें शरारतों के लिए उकसाती थी।
विज्ञापन



उन्होंने बताया कि उन्हें इस बात का बेहद दुख है कि उनकी आख़िरी बातचीत सिर्फ़ फ़ोन पर हो पाई थी। डॉक्युमेंट्री में राजकुमारों की उनकी मां के साथ की अनदेखी तस्वीरें भी सामने आई हैं।


राजकुमार हैरी और राजकुमार विलियम को राजकुमारी डायना के निजी अलबम को पलटते हुए देखा गया और वे बचपन की यादों के बारे में बात कर रहे थे। वे चर्चा करते हैं कि कैसे उनकी मां बेघर लोगों के लिए कैंपेन चलाती थीं, पीड़ितों की सहायता करती थीं और भूमिगत खदानों पर प्रतिबंधों के लिए कोशिश करती थी। राजकुमारी डायना की मौत 31 अगस्त 1997 को पेरिस में एक कार दुर्घटना में हुई थी। उस वक़्त राजकुमार विलियम 15 और राजकुमार हैरी 12 साल के थे।
विज्ञापन



प्रिंस विलियम ने बताया कि प्रोग्राम के शुरुआत में उन्हें अच्छा नहीं लग रहा था हालांकि बाद में थोड़ा बेहतर लगा। उन्होंने कहा, ''हम चाहते थे कि उनकी विरासत हमारे काम में दिखे और हम महसूस करते हैं कि यह सही रास्ता है।'' राजकुमारी डायना के मज़ाकिया अंदाज को याद करते हुए राजकुमार हैरी ने कहा, ''हमारी मां हमेशा पूरी तरह एक बच्चा ही रही हैं।'


उन्होंने कहा, ''जब भी कोई मुझसे पूछता है कि वह काफ़ी मज़ाकिया थीं और उदाहरण देने को कहता है तो मुझे उनकी हंसी सुनाई देती है।'' ख़ुद को लेकर एक अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा, ''मेरे बारे में वह हमेशा एक बात कहती थी। कि तुम जितने शरारती होना चाहते हो बनो, बस कहीं पकड़े मत जाना। वह हमारे साथ ख़ुद शैतानियां करती थीं।''


राजकुमार विलियम ने कहा कि उनकी मां को हंसते हुए जीना पसंद था। उन्होंने कहा, ''वह एक जोकर की तरह थीं। वह हमेशा बेहद ख़राब कार्ड चुनती थीं और अक्सर स्कूल भेज देती थीं।' उन्होंने कहा, ''कार्ड जैसे भी रहे हों, उनके अंदर काफी अच्छा लिखा होता था। लेकिन मैंने कभी उन्हें स्कूल में खोलने की कोशिश नहीं की। इस डर से कि कहीं टीचर या कोई और देख न ले।''
विज्ञापन

राजकुमारी डायना
राजकुमार विलियम ने बताया कि एक बार स्कूल से घर लौटने पर उन्होंने देखा कि उनकी मां ने सुपर मॉडल सिंडी क्रॉफोर्ड, क्रिस्टी टर्लिंगटन और नाओमी कैंपबेल को महल में बुलाया था। ये वही मॉडल थीं। जिनके पोस्टर उनके कमरे की दीवार पर थे। तब वह 12 या 13 साल के थे। उन्होंने कहा, ''मॉडल्स को देखकर मैं हैरान था। मेरा चेहरा एकदम लाल हो गया था। और मुझे समझ नहीं आ रहा था कि मैं क्या बोलूं।''


राजकुमार विलियम ने बताया कि आख़िरी बातचीत के वक़्त वे स्कॉटलैंड में अपने कजन्स के साथ थे और ख़ूब इंजॉय कर रहे थे और मां को बाय बोलने की जल्दी थी। उन्होंने कहा, ''उस वक़्त हैरी और मैं 'गुड बाय' 'बाद में मिलते हैं' बोलने को बेताब थे। अगर मुझे पता होता कि आगे क्या होने वाला है तो मैं ऐसा नहीं होता।''


राजकुमार विलियम ने अपनी मां को लेकर भावनाएं तो जाहिर कीं लेकिन उनसे हुई आख़िरी बातचीत के बारे में कुछ नहीं बताया। उन्होंने कहा, ''उन्होंने मुझे पेरिस से फ़ोन किया था। मुझे ख़ुद याद नहीं कि मैंने क्या बातचीत की उनसे लेकिन इतना ज़रूर याद है। जिसके लिए मुझे हमेशा अफ़सोस होता है कि ये फोन कॉल इतनी छोटी क्यों थी।''


राजकुमार हैरी ने आईटीवी को बताया, ''मेरे और विलियम के लिए वह सर्वश्रेष्ठ मां थीं। वह हमारे बच्चों की सबसे अच्छी दादी होती।'' उन्होंने कहा, ''हमारे लिए यह हमेशा से मुश्किल रहा है और आगे भी रहेगा। कोई भी ऐसा दिन नहीं होता जब विलियम और मैं ये उम्मीद न करते हों कि काश मां हमारे आसपास होती।'' दोनों राजकुमार अपनी मां के बारे में बीबीसी की आने वाली डॉक्युमेंट्री में शामिल होने के लिए भी राज़ी हो गए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें