पाकिस्तान के क्वेटा प्रांत में एक पश्तून युवक की हत्या के बाद वहां दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। भीड़ द्वारा पीट-पीटकर युवक की हत्या किए जाने और उसके दो दोस्तों को बुरी तरह घायल करने के मामले में यहां रविवार को प्रदर्शन हुआ और माहौल तनावपूर्ण हो गया। पीड़ित युवक पश्तून समुदाय से ताल्लुक रखता था जबकि हमला करने का आरोप शिया हजारा समुदाय के लोगों पर है।
इस पूरी घटना के बाद बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में रविवार को तनाव के हालात बने रहे और आंशिक तौर पर बंद रहा। खबरों के मुताबिक हजारा शहर में शुक्रवार रात को नाई की दुकान पर मौजूद युवक बिलाल खान को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला। इसके बाद इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा जिसके बाद पश्तून और शिया हजारा समुदाय के बीच तनाव के हालात बन गए।
पुलिस ने इस मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। कुछ लोगों का कहना है कि पैसे का लेनदेन विवाद का कारण बना जबकि अन्य का आरोप है कि तीनों पश्तून युवक फोन से हजारा समुदाय की महिलाओं की वीडियो बना रहे थे। घटना वाली वीडियो में दिखाई दे रहा है कि तीन युवकों को अर्द्धनग्न करके जमीन पर गिराकर पीटा जा रहा है और लोग दुकान से चिल्लाकर भाग रहे हैं। इस दौरान पुलिस ने भी कथित तौर पर हमलावरों को आसानी से फरार होने दिया।
क्वेटा में हजारों लोग मृतक का शव लेकर दोषियों की गिरफ्तारी और पुलिस पर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए। बताया जाता है कि दोनों समुदायों के बीच पहले भी तनाव के हालात बनते रहे हैं।