अमेरिका में हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के रात भर चले सत्र के बाद आखिरकार हाउस रिपब्लिकन की तरफ से गुरुवार सुबह एक बड़े खरब डॉलर के टैक्स और खर्चों में कटौती वाले बिल को 215-214 के मतों से पारित कर दिया। हालांकि, डेमोक्रेट्स ने इसका कड़ा विरोध किया। अब यह बिल सीनेट में जाएगा। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वन बिग ब्यूटीफुल बिल नाम के इस बिल को स्पीकर माइक जॉनसन ने जीओपी में गहरे अंदरूनी मतभेदों के बावजूद एकजुट कर पास कराया।
ट्रंप की तरफ से आखिरी वक्त में रियायतों और सख्त चेतावनियों के साथ रिपब्लिकन ने अपना विरोध काफी हद तक छोड़ दिया। ट्रंप ने खुद व्हाइट हाउस में रिपब्लिकन नेताओं और असंतुष्टों से मुलाकात कर समर्थन जुटाया। उनकी सरकार ने चेतावनी दी थी कि इस बिल को पारित न करना सबसे बड़ा विश्वासघात होगा।
यह भी पढ़ें -
Jewish Protest: US में इस्राइली कपल की हत्या पर प्रदर्शन; व्हाइट हाउस ने कहा- ट्रंप क्रोधित, नहीं बचेंगे दोषी
अमीरों को होगा फायदा
इसमें 2017 के ट्रंप-कालीन 4.5 ट्रिलियन डॉलर टैक्स छूट को बढ़ाया गया है। करीब 4.5 ट्रिलियन डॉलर की टैक्स छूट दी गई है। इससे ज्यादातर अमीरों को फायदा होगा। वहीं, मेडिकेड और पूरक पोषण सहायता कार्यक्रम (एसएनएपी) जैसे कार्यक्रमों में कटौती की गई है। 1000 से अधिक पन्नों वाला यह पैकेज ट्रंप की 2024 की चुनावी घोषणाओं और जीओपी के लंबे समय से चले आ रहे एजेंडे को दिखाता है।
150 अरब डॉलर रक्षा प्रणाली गोल्डन डोम के लिए
इसमें नई टैक्स छूटें भी जोड़ी गई हैं मसलन टिप्स, ओवरटाइम पे और कार लोन ब्याज पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। इसके साथ ही 350 अरब डॉलर को नए खर्चों में जोड़ने का प्रस्ताव है। इसके तहत 150 अरब डॉलर रक्षा प्रणाली गोल्डन डोम के लिए,बाकी 200 अरब डॉलर अवैध प्रवासियों की गिरफ्तारी और सीमा सुरक्षा पर खर्च होंगे।
सीबीओ का अनुमान 86 लाख लोग हेल्थकेयर से हो सकते हैं वंचित
कांग्रेसनल बजट ऑफिस (सीबीओ) के मुताबिक, इससे अगले 10 वर्षों में 3.8 ट्रिलियन डॉलर का घाटा बढ़ेगा। लेकिन सामाजिक योजनाओं से एक ट्रिलियन डॉलर की बचत होगी। सीबीओ का अनुमान है कि इसके चलते 86 लाख लोग हेल्थकेयर कवरेज खो सकते हैं और 30 लाख लोग हर महीने पूरक पोषण सहायता कार्यक्रम लाभ नहीं ले पाएंगे।
यह भी पढ़ें -
UK Chemical Castration: ब्रिटेन में यौन अपराधियों का रासायनिक बंध्याकरण; जेलों में बढ़ती भीड़ पर नकेल की कवायद
डेमोक्रेट्स ने किया कड़ा विरोध
डेमोक्रेट्स ने इस बिल का कड़ा विरोध किया। इसे टैक्स घोटाला और गरीब विरोधी कहा। उन्होंने बहस को टालने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। अब यह बिल ऊपरी सदन सीनेट में जाएगा, जहां इसे और चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। संयुक्त फाइलिंग करने वाले अमेरिकियों को 32,000 डॉलर की स्टैंडर्ड इनकम टैक्स डिडक्शन, 2,500 डॉलर का चाइल्ड टैक्स क्रेडिट, कुछ बुजुर्गों के लिए 4,000 डॉलर की अतिरिक्त छूट, 64 वर्ष तक के लोगों को मेडिकेड और एसएनएपी पाने के लिए हर महीने 80 घंटे की काम करना होगा।
कुछ रिपब्लिकन ने ज्यादा कटौती की मांग की, तो कुछ मेडिकेड और ग्रीन एनर्जी छूट को लेकर चिंतित थे। रात को एक 42-पेज की संशोधन सूची लाकर समर्थन जुटाया गया।
ट्रंप के प्रभाव से नए बाल बचत कार्यक्रम का नाम ट्रंप खाता
ट्रंप के प्रभाव को देखते हुए रिपब्लिकनों ने प्रस्तावित नए बाल बचत कार्यक्रम का नाम राष्ट्रपति के नाम पर रख दिया। पहले विकास और उन्नति के लिए धन मैगा खात का नाम बदलकर इसे केवल ट्रंप खाता नाम दिया गया है।