तुर्की ने एलान किया कि काबुल में हिंसा की नई घटनाओं के बीच अफगानिस्तान में दोनों विपक्षी धड़ों में स्थायी शांति की उम्मीद जगाने वाली प्रस्तावित वार्ता टल गई है। शनिवार से इस्तांबुल में शुरू होने वाली इस बातचीत का अमेरिका भी समर्थन कर रहा है। वार्ता स्थगित होने की घोषणा से ठीक पहले काबुल में अफगान सुरक्षा बलों के काफिले पर आत्मघाती हमला हुआ जिसमें 5 की मौत हो गई।
इस प्रस्तावित शांति वार्ता के स्थगित होने से अफगानिस्तान से अमेरिकी बलों की समयबद्ध वापसी को लेकर बाइडन प्रशासन के सामने पेश आ रही चुनौतियां फिर उजागर हुई हैं। अमेरिका ने कहा है कि वह एक मई से अफगानिस्तान में बचे अपने सैनिकों की वापसी शुरू करेगा और इस प्रक्रिया को 11 सितंबर तक पूरी करेगा, चाहे जो हो जाए।
तुर्की के विदेश मंत्री मेवलुत कावुसोग्लू ने बताया कि शनिवार को होने वाली शांति वार्ता तालिबान द्वारा रोड़ा अटकाने के कारण रमजान के महीने तक टल गई है। रमजान मई के मध्य में खत्म होगा। उनकी इस घोषणा से कुछ घंटों पहले ही एक आत्मघाती हमलावर ने काबुल में अफगान सुरक्षा बलों के काफिले पर हमला किया जिसमें पांच लोगों को मौत हो गई। गृह मंत्रालय की तरफ से बताया गया कि घायलों में सुरक्षाकर्मी व असैन्य नागरिक भी शामिल हैं।
तालिबान के हमले लगातार बढ़े
युद्धग्रस्त देश में अफगान सुरक्षाकर्मियों की लक्षित हत्याओं के मामलों में इजाफा हुआ है। तालिबान विद्रोहियों द्वारा उन्हें निशाना बनाकर किए जाने वाले हमले भी लगातार बढ़े हैं। बीते कुछ महीनों में संदिग्ध तालिबानी ठिकानों पर सरकारी बलों द्वारा बमबारी और उपद्रवियों के खिलाफ अफगान विशेष बलों की छापेमारी में भी इजाफा हुआ है।