जेसिका एबर की संदेहास्पद मौत को लेकर अलेक्जेंड्रिया पुलिस विभाग ने बयान जारी किया है। इसमें पुलिस ने बताया कि अधिकारियों को स्थानीय समयानुसार सुबह 9:18 बजे एक बेहोश महिला के बारे में कॉल मिली थी। इसके बाद पुलिस जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची। जहां एबर मृत मिलीं।
अमेरिका में अटॉर्नी जनरल रहीं जेसिका एबर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बीते शनिवार को उनका शव वर्जीनिया के अलेक्जेंड्रिया में उनके घर पर मिला। जेसिका एबर ने अमेरिका के पूर्वी वर्जीनिया (EDVA) में बतौर अटॉर्नी जनरल अपनी सेवाएं दी थी। बतौर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दोबारा शपथ लेने के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने के दो महीने बाद उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत संदेह के घेरे में है। जेसिका की मौत को लेकर पुलिस ने बयान जारी किया है। पुलिस का कहना है कि उनकी मौत की परिस्थितियों के बारे में जांच चल रही है।
विज्ञापन
पुलिस बोली- मौत की हो रही जांच
जेसिका एबर की संदेहास्पद मौत को लेकर अलेक्जेंड्रिया पुलिस विभाग ने बयान जारी किया है। इसमें पुलिस ने बताया कि अधिकारियों को स्थानीय समयानुसार सुबह 9:18 बजे एक बेहोश महिला के बारे में कॉल मिली थी। इसके बाद पुलिस जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची। जहां घटनास्थल पर एबर मृत मिलीं। पुलिस ने यह भी कहा कि वर्जीनिया के मुख्य चिकित्सा अधिकारी अब पोस्टमार्टम से उनकी मौत के कारण और तरीके का पता लगाएंगे। वहीं, जहां एबर का शव मिला वह उन्हीं का आवास था या नहीं, इस बारे में रिपोर्ट्स में अलग-अलग बातें कही जा रही हैं। वर्जीनिया पुलिस का कहना है कि एबर की मौत को लेकर जांच की जा रही है।
वहीं, वर्जीनिया पूर्वी जिले के वर्तमान अटॉर्नी एरिक एस सीबर्ट ने जेसिका की मौत पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि एबर की मौत के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ है। एक नेता और मार्गदर्शक के रूप में वे बेजोड़ और एक इंसान के रूप में वे बहुत अच्छी थीं। उन्होंने बेहद कम वक्त में अपने काम से बहुत कुछ हासिल किया। वह पूर्वी वर्जीनिया जिले EDVA से प्यार करती थीं और हम सब भी उन्हें बहुत प्यार करते थे। हम इस नुकसान से दुखी हैं।
कौन थी जेसिका एबर ?
जेसिका एबर का जन्म वर्जीनिया में हुआ था। वहीं उनका लालन-पालन हुआ। एबर ने 2003 में रिचमंड विश्वविद्यालय से स्नातक की उपाधि प्राप्त की और 2006 में विलियम एंड मैरी लॉ स्कूल से कानून की डिग्री हासिल की। उन्होंने तत्कालीन मजिस्ट्रेट जज एम हन्ना लॉक के लिए एक लॉ क्लर्क के रूप में अपना करियर शुरू किया था। इसके बाद न्याय विभाग में शामिल होने से पहले उन्होंने मैकगायरवुड्स एलएलपी में काम किया। वर्जीनिया के पूर्वी जिले में 2009 में उन्होंने सहायक अमेरिकी अटॉर्नी की जिम्मेदारी संभाली। बाद में अगस्त 2021 में पूर्व राष्ट्रपति जो बिडेन ने वर्जीनिया के पूर्वी जिले के लिए अमेरिकी अटॉर्नी के रूप में उन्हें नामित किया। सीनेट ने भी सर्वसम्मति से उनकी पुष्टि की थी। राष्ट्रपति ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के बाद जनवरी में उन्होंने इस्तीफे का एलान किया था। इससे पहले, उन्होंने लगभग तीन साल तक विभाग का नेतृत्व किया।