संयुक्त राज्य अमेरिका के कैलिफोर्निया में भारतीय मूल के सिख परिवार के चार लोगों के अपहरण और हत्या के आरोपी जीसस सालगाडो को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सालगाडो ने 17 साल पहले भी इसी तरह की एक लूट की घटना को अंजाम दिया था। जिसके बाद उसे जेल भी हुई थी।
भारतीय मूल के सिख परिवार के चार लोगों की हत्या के मामले में उसकी तस्वीर देखने के बाद 17 साल पहले की घटना के पीड़ित सामने आए हैं। वहीं, स्थानीय पुलिस कर्मियों ने भी उसके पुराने रिकॉर्ड साझा किए हैं। उसमें साल 2005 में की गई डकैती भी शामिल है। कैलिफ़ोर्निया डिपार्टमेंट ऑफ़ करेक्शंस एंड रिहैबिलिटेशन के अनुसार, सालगाडो को 2007 में 11 साल जेल की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद साल 2015 में उसे रिहा कर दिया गया था और तीन साल बाद पैरोल से छुट्टी दे दी गई थी।
पहले भी ऐसे ही लूट को दिया था अंजाम
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 17 साल पहले जिस परिवार के साथ सालगाडो ने लूट की घटना को अंजाम दिया था, उनका मर्सिड शहर में ट्रकिंग कंपनी थी। सालगाडो उनकी कंपनी में काम भी करता था, लेकिन 2004 में उसे निकाल दिया गया था क्योंकि उस पर पैसे चोरी करने का संदेह था। उस घटना की पीड़िता ने बताया कि 19 दिसंबर, 2005 की रात को जब मैं अपने घर के सामने के दरवाजे को बंद कर रही थी, तभी उसने बंदूक निकाली और सिर के पीछे लगा दी। इसके बाद जीसस सालगाडो ने उनके दोनों पति-पत्नी और उनकी 16 साल की बेटी के साथ ही उनके एक एन्य दोस्त के सिर पर बंदूक रख कर सबके हाथों को डक्ट टेप से बांध दिया। उसके बाद उसने जमकर लूट-पाट की। जेवर, अंगूठी और नकदी आदि लेने के बाद उसने सबको पूल में धक्का देकर भाग गया था। बाद में जब इस लूट की पुलिस ने जांच की तो उसे पकड़ लिया गया और उस पर मुकदमा चला। इसके बाद साल 2007 में उसे जेल भेज दिया गया था।
अपहरण के बाद हुई थी हत्या
अमेरिका में एक सिख परिवार के चार सदस्यों की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई थी मृतकों में एक दंपती, उनकी आठ महीने की बच्ची व बच्ची का चाचा शामिल है। चारों पंजाब के होशियारपुर मूल के सिख एनआरआई परिवार के सदस्य थे। आशंका है कि अपहर्ता ने ही चारों की हत्या कर दी। बता दें, अमेरिका के कैलिफोर्निया प्रांत के मर्सिड शहर में सोमवार को चार भारतवंशियों जसदीप सिंह, उनकी पत्नी जसलीन कौर, उनकी बच्ची आरुही और जसदीप के भाई अमनदीप सिंह का अपहरण कर लिया गया था। चारों के शव एक बगीचे में पाए गए थे।
अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि इन चारों का कैलिफोर्निया के मर्सिड के एक व्यवसायिक कार्यालय से अपहरण कर लिया गया था। मर्सिड के शेरिफ वर्न वार्नके ने बताया कि चारों के शव बुधवार शाम को इंडियाना रोड और हचिंसन रोड के पास एक बगीचे में मिले। बगीचे में शव मिलने की मजदूर ने पुलिस को दी थी। घटना स्थल पर चारों के शव पास पास ही पड़े मिले।
एक संदिग्ध को हिरासत में लिया था
अपहरण के मामले में अमेरिकी पुलिस ने कल सालगाडो को गिरफ्तार किया था। वह खुद भी गंभीर हालत में मिला था। समझा जा रहा है कि उसने खुदकुशी का प्रयास किया था। इसके अलावा अपहृतों की कार सोमवार देर रात जली हुई हालत में मिली थी। जासूसों ने अमेरिकी पुलिस को मंगलवार सुबह बताया था कि मर्सिड काउंटी के एटवाटर में एक एटीएम में अपहृत लोगों में से एक के बैंक एटीएम कार्ड का इस्तेमाल किया गया है।