पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए पंजाब में टारगेट किलिंग करवाने वाले गैंगस्टर सुख बिकरीवाल को दुबई पुलिस ने हिरासत में लिया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी है। गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस ने कल पांच आतंकियों को दबोचा था। उनसे पूछताछ में बिकरीवाल को लेकर खुलासा हुआ था।
बिकरीवाल के हुक्म पर मारा था बलविंदर संधु को
दिल्ली में पकड़े गए आतंकियों में से तीन ने पंजाब में पुलिस अधिकारी बलविंदर संधू की हत्या की थी। तीनों आरोपियों ने इस बात को कबूल किया था कि उन्हें संधू को मारने के लिए सुख बिकरीवाल ने दुबई से हुक्म दिया था। बिकरीवाल ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर उन्हें यह आदेश दिया था।
दुबई में हुलिया बदल कर रह रहा था
सूत्रों के मुताबिक, दुबई में रहने के दौरान बिकरीवाल ने अपना हुलिया बदल लिया है। उसने अपनी दाढ़ी भी बढ़ा ली है। सूत्रों ने बताया कि दिल्ली में पकड़े गए आतंकियों के खुलासे के बाद दुबई स्थित सुख बिकरीवाल के फ्लैट पर छापेमारी की गई, इसके बाद उसे हिरासत में लिया गया।
पंजाब व कश्मीरी आतंकियों ने हाथ मिलाया
गौरतलब है कि सोमवार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शकरपुर इलाके से मुठभेड़ के बाद पांच आतंकियों को गिरफ्तार किया था। इनमें से दो आतंकी कश्मीर और तीन पंजाब के रहने वाले हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इस्लामिक और खालिस्तानी आतंकियों ने एक-दूसरे के साथ हाथ मिला लिया है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि इन आतंकियों का मकसद भारत के खिलाफ खालिस्तानी आंदोलन खड़ा करना है। गैंगस्टर सुख बिकरीवाल आईएसआई का मोहरा था, जो पंजाब में टारगेट किलिंग के लिए आदेश देता था। बताया गया है कि बिकरीवाल ने ही आतंक का सफाया कर रहे बलविंदर सिंह संधू की हत्या के लिए पकड़े गए पांच आतंकियों में से तीन को सुपारी दी थी।