होर्मुज जलडमरूमध्य अभी भी बंद।
- फोटो : Amar Ujala Graphics
पश्चिम एशिया से एक बड़ी और परेशान करने वाली खबर सामने आ रही है। यहां फंसे एक दक्षिण कोरियाई मालवाहक जहाज पर जोरदार धमाका हुआ है। धमाके के तुरंत बाद जहाज में भीषण आग लग गई। सियोल स्थित अधिकारियों ने सोमवार को जानकारी दी कि वे इस संभावित हमले की गहनता से जांच कर रहे हैं। फरवरी के अंत में अमेरिका और इस्राइल की ओर से ईरान पर किए गए हमले के बाद से यह महत्वपूर्ण जलमार्ग बंद है। अगर हमले की पुष्टि होती है, तो यह इस संकट के बीच किसी दक्षिण कोरियाई जहाज पर पहला बड़ा हमला होगा।
दक्षिण कोरिया ने क्या कहा?
दक्षिण कोरियाई विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, 'हमारा कांसुलर अफेयर्स ब्यूरो इस जानकारी की पुष्टि कर रहा है कि एक दक्षिण कोरियाई जहाज पर हमला हुआ है। अभी तक हमारे किसी भी नागरिक की जान नहीं गई है।' मंत्रालय अब जहाज को हुए नुकसान का आकलन कर रहा है। साथ ही इस हमले के पीछे जिम्मेदार लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: West Asia: होर्मुज नाकेबंदी पर अकेले पड़े ट्रंप, यूरोप ने पीछे खींचे हाथ, मैक्रों बोले- जंग में हम शामिल नहीं
होर्मुज में थमी जहाजों की रफ्तार
योनहाप समाचार एजेंसी के अनुसार, इस समय इस संकरे जलडमरूमध्य में लगभग 2,000 जहाज फंसे हुए हैं। इनमें दक्षिण कोरिया के झंडे वाले 26 जहाज भी शामिल हैं। यह घटना तब घटी है जब अमेरिका ने 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' नामक ऑपरेशन शुरू किया है। इसका उद्देश्य फंसे हुए जहाजों को बाहर निकालना है। दूसरी ओर, ईरान ने अमेरिका के इस फैसले की कड़ी आलोचना की है। ईरान इसे संघर्ष विराम का सीधा उल्लंघन बता रहा है। ईरान ने अमेरिका को चेतावनी भी दी है।
बता दें कि ट्रंप ने अप्रैल के अंत में संघर्ष विराम की समय सीमा बढ़ाई थी। हालांकि, दोनों पक्षों के बीच पिछले महीने हुई पहली सीधी बैठक बेनतीजा रही थी। इस ब्लॉकेड के कारण दुनिया भर में ऊर्जा और अन्य सामानों की आपूर्ति बाधित हो गई है। वैश्विक तेल और प्राकृतिक गैस व्यापार का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है।
अमेरिकी नौसेना की कार्रवाई
इस तनाव के बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने सोमवार को बताया कि उनके दो वाणिज्यिक जहाज सुरक्षित रूप से बाहर निकल गए हैं। सेंटकॉम ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमेरिकी नौसेना के गाइडेड-मिसाइल विध्वंसक 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' के समर्थन में अरब खाड़ी में काम कर रहे हैं। अमेरिकी सेना वाणिज्यिक शिपिंग को बहाल करने के लिए सक्रिय रूप से प्रयास कर रही है।