फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

होर्मुज में खतरा बरकरार: तेल टैंकर पर किसी अज्ञात चीज से हमला, ईरान ने अमेरिकी ड्रोन गिराने का किया दावा

Sat, 21 Nov 2026 04:13 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, तेहरान

सार

ओमान के पास होर्मुज जलडमरूमध्य में एक तेल टैंकर के इंजन कक्ष में अज्ञात चीज से टक्कर लगी है। इसी बीच ईरान ने अमेरिकी एमक्यू-9 रीपर ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है। आखिर टैंकर पर हमला किसने किया? क्या ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य तनाव बढ़ रहा है? क्या होर्मुज में जहाजों की आवाजाही और तेल आपूर्ति पर संकट गहरा सकता है? आइए, विस्तार से मामले को जानते हैं...

विज्ञापन
तेल टैंकर पर हमला कहां और कब हुआ? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में एक तेल टैंकर पर हमला हुआ है। ओमान के पास समुद्र में जा रहे इस टैंकर के इंजन कक्ष में किसी अज्ञात चीज से टक्कर लगी। घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इसी बीच ईरान की सेना ने दावा किया है कि उसने इसी जलमार्ग के ऊपर अमेरिकी सेना के एमक्यू-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने इस रणनीतिक समुद्री रास्ते की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
विज्ञापन


तेल टैंकर पर हमला कहां और कब हुआ?
  • ब्रिटेन की समुद्री व्यापार संचालन संस्था यूकेएमटीओ के मुताबिक, शनिवार सुबह 5:50 बजे यूटीसी पर उसे टैंकर से जुड़ी घटना की सूचना मिली। यह घटना ओमान के खासाब से करीब 17 समुद्री मील पूर्व में हुई। टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य से बाहर की ओर जा रहा था, तभी उसके इंजन कक्ष में किसी अज्ञात चीज से टक्कर लगी। यूकेएमटीओ ने इस घटना को हमले के रूप में दर्ज किया है।
  • इसकी जानकारी सैन्य अधिकारियों से मिलने की बात कही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना में किसी की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, इससे समुद्र के पर्यावरण को कोई नुकसान पहुंचा है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। जांच जारी है और इस इलाके से गुजरने वाले जहाजों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उनसे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी यूकेएमटीओ को देने को कहा गया है।

ईरान ने अमेरिकी एमक्यू-9 ड्रोन को लेकर क्या दावा किया?
इसी दिन ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी आईआरजीसी ने दावा किया कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर अमेरिकी सेना के एमक्यू-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया। ईरान के मुताबिक, इसके लिए नई तैनात आधुनिक वायु रक्षा प्रणाली का इस्तेमाल किया गया। आईआरजीसी ने इसे ईरानी सेना की ओर से मार गिराया गया 58वां एमक्यू-9 ड्रोन बताया है। हालांकि, उसने यह नहीं बताया कि ड्रोन किस परिस्थिति में निशाना बनाया गया। एमक्यू-9 रीपर अमेरिका का एक मानवरहित विमान है। इसका इस्तेमाल खुफिया जानकारी जुटाने, निगरानी करने, दुश्मन की गतिविधियों का पता लगाने और जरूरत पड़ने पर हमला करने के लिए किया जाता है। ईरान का कहना है कि वह इस महत्वपूर्ण समुद्री क्षेत्र में सैन्य और हवाई गतिविधियों पर लगातार नजर रखता है।
विज्ञापन


ईरान ने अमेरिका को सैन्य टकराव पर क्या चेतावनी दी?
ईरान और अमेरिका के बीच तनाव के बीच आईआरजीसी के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल होसैन मोहेब्बी ने गुरुवार को कहा था कि उनका देश हर तरह की सैन्य स्थिति के लिए तैयार है। उन्होंने साफ किया कि ईरान न तो लंबे समय तक चलने वाला युद्ध स्वीकार करेगा और न ही ऐसी स्थिति, जिसमें न युद्ध हो और न शांति। उनके मुताबिक, संघर्ष का फैसला या तो युद्ध के मैदान में होगा या अमेरिका को ईरान की शर्तें माननी होंगी। मोहेब्बी ने यह भी दावा किया कि 12 दिन तक चले युद्ध के बाद ईरान ने अपनी स्वदेशी वायु रक्षा क्षमता में सुधार किया है। उनके अनुसार, आईआरजीसी की एयरोस्पेस फोर्स ने लगातार काम करके कम से कम तीन नई रक्षा प्रणालियां तैयार की हैं। ईरान ने इन प्रणालियों की तकनीकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

बहरीन में अमेरिकी रडार को निशाना बनाने का भी दावा क्यों अहम?
ईरान की ओर से ताजा दावा ऐसे समय आया है, जब आईआरजीसी पहले भी अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की बात कह चुकी है। 15 नवंबर को उसने दावा किया था कि उसकी सेना ने बहरीन के अल-रिफा हेलीकॉप्टर बेस पर मौजूद अमेरिकी वायु रक्षा रडार प्रणाली को छह ड्रोन से निशाना बनाया। इस दावे के बाद अब अमेरिकी ड्रोन को मार गिराने की बात कही गई है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है। लगातार ऐसे दावों से क्षेत्र में सैन्य गतिविधियों और सुरक्षा को लेकर तनाव बढ़ा है। ईरान पहले भी कहता रहा है कि उसके हवाई क्षेत्र का उल्लंघन होने पर वह सख्त जवाब देगा। वहीं, अमेरिका और ईरान के बीच किसी नए सैन्य टकराव की आशंका को लेकर चिंता बनी हुई है।

होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही पर खतरा क्यों बढ़ा?
होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता पहले से बढ़ी हुई है। रिपोर्टों के मुताबिक, प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्रों में नौसैनिक बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद कुछ तेल टैंकरों में आग लगने की घटनाएं भी सामने आई हैं। इसके बाद ईरानी नौसेना ने जहाजों का संचालन करने वाली कंपनियों को निर्धारित प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश नहीं करने की चेतावनी दी है। अब ओमान के पास टैंकर के इंजन कक्ष में अज्ञात चीज से टक्कर और ईरान के अमेरिकी ड्रोन गिराने के दावे ने हालात को और संवेदनशील बना दिया है। होर्मुज जलडमरूमध्य अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार के लिहाज से बेहद अहम रास्ता है। ऐसे में यहां जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से तेल आपूर्ति और वैश्विक व्यापार पर भी असर पड़ सकता है। फिलहाल टैंकर की घटना की जांच जारी है और क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों को सतर्क रहने को कहा गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें