अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। एडल्ट फिल्म अभिनेत्री स्टॉर्मी डेनियल्स को पैसे का भुगतान करने के मामले में ट्रंप को 34 मामलों में दोषी पाया गया है। ताजा घटनाक्रम में अदालत के फैसले पर स्टॉर्मी डैनियल्स की प्रतिक्रिया सामने आई है।
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को अदालत ने व्यापारिक धोखाधड़ी से जुड़े मामले में दोषी माना है। 2016 में हुए राष्ट्रपति चुनाव की पूर्व संध्या पर पैसे देने के आरोप मामले में ट्रंप को दोषी करार देने के फैसले का एडल्ट फिल्म स्टार स्टॉर्मी डैनियल्स ने स्वागत किया है। उन्होंने फैसले के बाद अपनी चुप्पी तोड़ी और कहा कि उन्हें जेल होना चाहिए। डैनियल्स ने एक ब्रिटिश अखबार को दिए इंटरव्यू में कहा, 'मुझे लगता है कि उन्हें जेल की सजा होनी चाहिए। महिलाओं के लिए बने आश्रय गृह में स्वयंसेवक के रूप में भी काम करना चाहिए।'
विज्ञापन
फैसले की खुशी लेकिन अदालत में होना डरावना अनुभव
डैनियल्स की गवाही ट्रंप के खिलाफ आए फैसले में अहम साबित हुई है। उन्होंने अपनी गवाही में 2006 में हुई एक आकस्मिक यौन मुठभेड़ का ग्राफिक विवरण शामिल किया था। अदालत के फैसले पर प्रतिक्रिया में उन्होंने कहा, 'अदालत में होना बहुत डराने वाला था, क्योंकि जूरी सदस्य आपकी ओर देख रहे थे। हालांकि, इस बात की खुशी है कि फैसला सुनाया जा चुका है। यह साबित हो चुका है कि वह पूरे समय सच बोल रही थीं इस बात पर भी मुहर लगी है। मेरे लिए यह अभी खत्म नहीं हुआ है। यह मेरे लिए कभी खत्म नहीं होने वाला है। ट्रंप दोषी करार दिए गए हैं, लेकिन मुझे अभी भी मुकदमे और संघर्ष की विरासत के साथ जीना होगा।
2016 का है मामला; पूर्व राष्ट्रपति व्यापारिक धोखाधड़ी के 34 मामलों में दोषी
बता दें कि न्यूयॉर्क के 12 लोगों की एक जूरी ने गुरुवार को ट्रंप को 2016 के राष्ट्रपति चुनाव की पूर्व संध्या पर डैनियल्स को पैसे के भुगतान करने के मामले में दोषी पाया। ट्रंप पर पैसे का भुगतान को छुपाने के प्रयास और व्यापारिक धोखाधड़ी के 34 मामलों में दोषी पाया। इस ऐतिहासिक फैसले के कुछ दिनों बाद ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें इस फैसले के बाद जेल जाने या घर में नजरबंद होने में कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सजा जनता के लिए एक 'ब्रेकिंग प्वाइंट' होगी।