किर्गिस्तान-तजाकिस्तान के बीच युद्ध खत्म करने पर हुई वार्ता
किर्गिस्तान और तजाकिस्तान के सुरक्षा प्रमुखों ने सीमा पर दोनों देशों के बीच युद्ध रोकने के लिए शनिवार को बातचीत शुरू की। इससे पूर्व, दोनों पूर्व सोवियत राष्ट्र सीमा पार से गोलीबारी के लिए एक-दूसरे को दोषी ठहरा रहे हैं। शुक्रवार रात दोनों देशों के बीच शांति रही, लेकिन शनिवार सुबह से ही फिर गोलीबारी शुरू हो गई। दोनों में युद्ध का कोई कारण अब तक सामने नहीं आया है। किर्गिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, संघर्ष में अब तक मारे गए 24 लोगों के शव तजाकिस्तान की सीमा से लगे बाटकेन क्षेत्र के अस्पतालों में पहुंचाए गए हैं। अब तक 103 लोगों का अस्पतालों में उपचार कराया गया है। तजाकिस्तान के अधिकारियों का कहना है कि किर्गिस्तान के हमले में उनके यहां एक मस्जिद नष्ट हो गई और आवासीय भवनों व नागरिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचा। उसका आरोप है कि उकसावे वाली कार्रवाई के तहत किर्गिस्तान सीमा के पास सैनिकों और हथियारों की तैनाती कर रहा है। किर्गिस्तान ने कहा कि युद्धग्रस्त क्षेत्रों से 1,36,000 लोगों को निकाला गया है।
कजाखिस्तान की राजधानी का नाम बदला, अब है अस्ताना
कजाखिस्तान के राष्ट्रपति कासम जोमार्ट ताकायेव ने शनिवार को संविधान संशोधन पर हस्ताक्षर कर दिए। इसके बाद देश की राजधानी का नाम सूर-सुल्तान से बदलकर अस्ताना हो गया है। साथ ही, देश में राष्ट्रपति का कार्यकाल पांच के बजाय सात साल हो गया है। हालांकि कोई भी राष्ट्रपति लगातार दो कार्यकाल नहीं रह सकेगा। जनवरी में देश में भड़की हिंसा में 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद राष्ट्रपति ने देश में राजनीतिक और आर्थिक सुधार करने की घोषणा की थी। वर्तमान बदलाव इसी दिशा में हैं। हिंसा भड़कने की वजह तेल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी थी, लेकिन लोगों में राजनीतिक हालात को लेकर भी नाराजगी थी। देश में 30 साल से ज्यादा समय से पूर्व राष्ट्रपति नूरसुल्तान नजरबायेव और उनकी पार्टी का बोलबाला रहा है। कजाख संसद ने शुक्रवार को इन दोनों संशोधनों को शुक्रवार को सर्वसम्मति से स्वीकृति दी थी।
अफगानिस्तान के कारोबार के लिए ईरान का चाबहार पोर्ट महत्वपूर्ण
व्यापार को लेकर अफगानिस्तान कई समस्याओं से घिरा हुआ है। अंतरराष्ट्रीय कारोबार में बंदरगाहों का महत्व बढ़ रहा है और अफगानिस्तान को समुद्र तक पहुंचने के लिए पाकिस्तान या ईरान को पार करना होगा। खामा प्रेस के लिए लिखे एक विश्लेषण में शोधार्थी मिर्जा अहमद इब्राहिमी ने कहा कि अफगानिस्तान के सामने चाबहार या कराची ही विकल्प हैं। इनमें भी ईरान के जाबुल प्रांत से होकर जाने वाला चाबहार का रास्ता सबसे उपयुक्त है। अफगानिस्तान के अनुरोध पर भारत ने निमरोज प्रांत होकर डेलाराम-जारंज के 218 किलोमीटर हाईवे का निर्माण 17.5 करोड़ करोड़ डॉलर लागत से किया है। उन्होंने कहा, जाबुल प्रांत की सड़कें चाबहार बंदरगाह से जुड़ी हैं, लेकिन ये व्यस्त रहती हैं। अफगानिस्तान, ईरान और बाकी एशिया के कारोबार के लिए यह खासी महत्वपूर्ण हैं। पाकिस्तान के किसी भी रूट के मुकाबले चाबहार कहीं ज्यादा मुफीद है। यहां से अफगान कारोबारी अपना माल दुनियाभर में भेज सकते हैं। अफगानिस्तान का 80 फीसदी कारोबार फिलहाल इसी रूट से हो रहा है। चाबहार पोर्ट से सामान पहुंचाने में समय भी खासा कम लगता है।
मिजोरम : 1.87 करोड़ की हेरोइन जब्त, एक गिरफ्तार
मिजोरम पुलिस ने शुक्रवार रात आइजोल में 374 ग्राम हेरोइन बरामद कर जब्त की। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 1.87 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने एक 43 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हेरोइन को साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखा गया था, जिसे आइजोल के पास चम्फाई से रोहलुपुई नाम की महिला से बरामद किया गया। हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इस बारे में जांच की जा रही है।
विमान के शौचालय से 1.64 करोड़ की सोने की छड़ें जब्त
कस्टम विभाग के अधिकारियों ने चेन्नई हवाईअड्डे पर उतरे एक विमान के शौचालय में छिपाकर रखीं तीन किलो से ज्यादा वजन की सोने की छड़ें जब्त कीं। इनकी कीमत 1.64 करोड़ रुपये है। शनिवार को विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विमान शुक्रवार को दुबई से यहां के हवाईअड्डे पर उतरा था, जिसके शौचालय में 3.73 किलो सोने की 32 छड़ों को छिपाकर रखा गया था। कस्टम विभाग के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
दुष्कर्म पीड़िता का नाम उजागर करने पर याचिका में मदद के लिए वकील नियुक्त
हैदराबाद दुष्कर्म पीड़िता की पहचान कुछ मीडिया घरानों द्वारा उजागर करने के खिलाफ दायर याचिका पर निर्णय में मदद के लिए दिल्ली हाईकोर्ट ने वरिष्ठ वकील रेबेका जॉन को न्याय मित्र नियुक्त किया है। मुख्य न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा और न्यायाधीश सुब्रमणियम प्रसाद की पीठ ने 14 सितंबर को आदेश में कहा कि मामला गुण-दोष के आधार पर सुना जाना चाहिए और इसलिए अदालत की मदद के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता रेबेका एम जॉन को मामले में एमिकस क्यूरी नियुक्त किया जाता है। अदालत ने आदेश की सूचना समस्त दस्तावेजों के साथ वरिष्ठ अधिवक्ता को देने का निर्देश दिया।
सीआईडी ने बरामद की सात प्राचीन मूर्तियां
तमिलनाडु की सीआईडी विंग ने शनिवार को विल्लुपुरम क्षेत्र में डीलर के कब्जे से 7 कांसे की प्राचीन मूर्तियां जब्त कीं। सीआईडी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन मूर्तियों को किन मंदिरों से चुराया गया।
झारखंड : टीएसपीसी के दो उग्रवादी गिरफ्तार
झारखंड में हजारीबाग जिला पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। एसपी मनोज रतन चोथे ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादियों में दिनेशजी उर्फ दिनेश राम और बबलू रविदास शामिल हैं। पुलिस को दिनेश राम की करीब 24 मामलों तलाश थी। दोनों उग्रवादी जिले के बड़कागांव प्रखंड के एक स्कूल में छिपे हुए थे। एजेंसी इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें छापा मारकर दबोच लिया। इस बीच, जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र स्थित बसनावा जंगल से शुक्रवार को 30-30 किलो की दो इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद की गईं जिन्हें झारखंड जगुआर के बम निरोधक दस्ते ने निष्क्रिय कर दिया।
बंगाल : स्कूल में पढ़ रहे थे छात्र, छत पर फटा बम
बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के टीटागढ़ में एक स्कूल की छत पर बम फटने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि जिस वक्त यह घटना घटी उस समय बच्चों की कक्षाएं चल रही थीं। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जांच की जा रही है कि बम स्कूल में बाहर से फेंका गया था या फिर पहले से ही स्कूल में रखा गया था। स्कूल घनी आबादी वाले इलाके में है। घटना शनिवार सुबह 11 बजे की है। पुलिस छत से बम के अवशेषों को एकत्रित कर आगे की जांच कर रही है।
मुंद्रा ड्रग्स केस में आरोपी 10 दिन की रिमांड पर
गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह से भारी मात्रा में जब्त की गई हेरोइन मामले में पकड़े गए तीनों आरोपियों को कोर्ट ने एनआईए की 10 दिन की हिरासत में भेज दिया है। विशेष लोक अभियोजक अमित नायर ने बताया कि तीनों आरोपियों को अहमदाबाद में विशेष न्यायाधीश सुभदा बख्शी की अदालत में पेश किया गया।
असम : 17 बांग्लादेशी पर्यटक गिरफ्तार
असम पुलिस ने बिश्वनाथ जिले से 17 बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी भारत घूमने आए थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से वे बिश्वनाथ के बाघमारी क्षेत्र में अवैध रूप से धार्मिक प्रचार कर रहे थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ वीजा नियम के उल्लंघन के आरोप में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
मुद्रास्फीति को नियंत्रण में रखने के लिए जरूरी कदम उठाएगी एमपीसी : सान्याल
प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार समिति के सदस्य संजीव सान्याल का कहना है भारत की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) अच्छा काम कर रही है, जिसकी वजह से देश में मुद्रास्फीति सात फीसदी पर बनी हुई है, जबकि तुर्की जैसे देशों में यह 60-70 फीसदी तक पहुंच चुकी है। उन्होंने, ब्रिटेन का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां साल के आखिर तक मुद्रास्फीति 20 फीसदी तक जा सकती है। हालांकि, उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि सात फीसदी खुदरा मुद्रास्फीति को लेकर चिंता नहीं है। सरकार और एमपीसी इसपर लगातार नजर बनाए हुए हैं। जब भी जरूरत होगी एमपीसी आगे भी इसे लेकर जिम्मेदारी भरे कदम उठाएगी। मुद्रास्फीति प्रबंधन की अकेले एमपीसी की जिम्मेदारी नहीं बताने के वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बयान पर सान्याल ने कहा, यह एक संकेतक है, जिसे बेहद सावधानी से देखा जा रहा है। यह सच है कि एमपीसी के साथ ही सरकार भी मुद्रास्फीति नियंत्रण के कदम उठा रही है। मिसाल के तौर पर ईंधन पर करों में कटौती की गई थी।
आयकर विभाग ने कंपाउंडिंग के मानदंडों में ढील दी
आयकर विभाग ने शनिवार को कहा कि उसने आयकर अधिनियम के तहत विभिन्न अपराधों की कंपाउंडिंग से संबंधित मानदंडों में ढील दी है और ऐसे अपराध में, जहां आवेदक को दो साल कैद की सजा सुनाई गई वहां कंपाउंडिंग की अनुमति दी गई है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने आयकर अधिनियम, 1961 के अभियोजन प्रावधानों के तहत आने वाले विभिन्न अपराधों के संदर्भ में कंपाउंडिंग के लिए संशोधित दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कंपाउंडिंग किसी व्यक्ति को आयकर से संबंधित अपने अपराध स्वीकार करने और सजा से बचने के लिए तय जुर्माना अदा करने का विकल्प देती है। विभाग ने एक बयान जारी कर कहा, मामलों के कंपाउंडिंग के लिए पात्रता के दायरे में ढील दी गई है। ऐसे आवेदक का मामला, जिसे 2 साल से कम समय के लिए कारावास की सजा सुनाई गई हो, पहले गैर-कंपाउंडेबल था, अब इसे कंपाउंडेबल बना दिया गया है। बयान में कहा गया है कि किसी सक्षम प्राधिकारी के पास उपलब्ध विवेकाधीन अधिकार को भी उपयुक्तरूप से प्रतिबंधित किया गया है। आयकर अधिनियम की धारा 276 के तहत सजा वाले अपराध को अब कंपाउंडेबल बना दिया गया है।
ओडिशा में 700 सक्रिय नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया
ओडिशा के मलकानगिरी में शनिवार को 700 से अधिक सक्रिय नक्सलियों व समर्थकों ने पुलिस और बीएसएफ के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। ये नक्सल समर्थक हिंसक गतिविधियों में मदद करते थे और सुरक्षाबलों व नागरिकों की हत्या में शामिल थे। वे उन्हें रसद की आपूर्ति भी कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले ओडिशा और आंध्र प्रदेश के समर्थकों ने नक्सलियों की पोशाक सामग्री और पुतलों को जलाकर नक्सल विचारधारा के प्रति अपना विरोध जताया। आत्मसमर्पण करने से पहले इन्होंने नक्सलियों के खिलाफ और सरकार के हक में नारे लगाए। राज्य सरकार की विकासात्मक पहलों के साथ सुरक्षा बलों की रणनीतिक तैनाती ने इन्हें मुख्यधारा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।