अमेरिकी छात्र वीजा के लिए आवेदन शुरू।
- फोटो : एएनआई
अमेरिकी वीजा पाने की चाह रखने वाले विदेशी छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर है। वहं पढ़ाई करने के लिए जाने वाले विदेशी छात्रों के लिए वीजा आवेदन शुरू हो गए हैं। अमेरिकी विदेश विभाग की उप प्रवक्ता मिग्नॉन ह्यूस्टन ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अमेरिका के लिए अब छात्र वीजा आवेदन अब खुले हैं। हम विदेशी छात्रों को वीजा आवेदन के लिए प्रोत्साहित करेंगे।
हालांकि इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि वीजा से जुड़े हमारे सभी निर्णय अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिए जाते हैं। ऐसे में यहां आवेदन करने वाले छात्रों को यह समझना होगा कि यहां आकर वे वीजा का वही उपयोग करें जिसके लिए आवेदन हुआ है। छात्र अमेरिका आकर पढ़ाई करें न कि उसमें बाधा डालें और परिसर में तोड़-फोड़ करें या नशे का शिकार बनें।
आगे उन्होंने यह भी कहा कि हमारा हर निर्णय अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा निर्णय होता है। हमारे पास अमेरिकी आव्रजन कानून के साथ ये नीतियां हैं, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि हम अमेरिकी आव्रजन के लिए उच्चतम मानक बनाए रखें। न केवल अमेरिकी नागरिकों की सुरक्षा के लिए, बल्कि यहां पढ़ने वाले अन्य छात्रों की भी सुरक्षा के लिए।
गौरतलब है कि अमेरिकी विदेश विभाग पहले ही मई में निलंबित की गई वीजा आवेदन की प्रक्रिया को फिर से शुरू करने का एलान कर चुका है। हालांकि, विदेश विभाग ने वीजा आवेदन प्रक्रिया के लिए एक शर्त भी रखी है। विभाग का कहना है कि वीजा के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को सरकारी समीक्षा के लिए अपने सोशल मीडिया अकाउंट सार्वजनिक करने होंगे। विदेश विभाग ने कहा था कि वाणिज्य दूतावास अधिकारी उन पोस्ट और संदेशों पर नजर रखेंगे, जो अमेरिका, उसकी सरकार, संस्कृति या उसके कानूनों के खिलाफ हों।