श्रीलंका में मंगलवार को एक नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमें रविवार को ईस्टर के मौके पर हुए आत्मघाती हमले से पहले कोलंबो में नेगोंबो के सेंट सेबेस्टियन चर्च में एक संदिग्ध आत्मघाती हमलावर को घुसते हुए दिखाया गया है।
26-सेकंड के इस वीडियो की शुरुआत में एक आदमी दिखता है जिसकी पीठ पर एक पिट्ठू बैग है, वह एक छोटी लड़की को थपथपाता हुआ दिखाई देता है जब वह लड़की के साथ खड़े व्यक्ति से बात कर रहा है और फिर आगे बढ़ जाता है।
जैसा कि आदमी और छोटी लड़की आगे बढ़ते हैं, संदिग्ध आत्मघाती हमलावर - जो कि एक दाढ़ी वाला युवक है और गहरे रंग की पैंट और एक टी-शर्ट और चप्पल पहने हुए है और एक भारी दिखने वाला बैकपैक उसकी पीठ पर लटका है- चर्च के बाहर पत्थरों के बने अहाते में चलता है।
इसके बाद वीडियो में चर्च के अंदर का दृश्य दिखाई देता है, जो लोगों से खचाखच भरा हुआ है और वे प्रार्थना कर रहे हैं। इसकी पृष्ठभूमि में वह व्यक्ति पहले और दूसरे दरवाजे के पार जाते हुए देखा जा सकता है जो खुले हैं और आखिर में तीसरे दरवाजे से चर्च में घुस जाता है।
जैसे ही वह व्यक्ति चर्च के अंदर घुस जाता है, वीडियो खत्म हो जाता है।
इसके बाद वहां जो विस्फोट हुआ वह हाल के वर्षों में श्रीलंका में हुआ सबसे घातक धमाका था। इस विस्फोट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि इसने चर्च परिसर के अंदर 50 से अधिक लोगों की जान ले ली।
इस संदिग्ध आत्मघाती हमलावर के अलावा, ऐसी खबर है कि दो मुस्लिम भाइयों ने श्रीलंका में होटल में आत्मघाती धमाकों को अंजाम दिया।
जांचकर्ताओं का कहना है कि यह दोनों भाई कोलंबो के एक अमीर मसाला व्यापारी के बेटे थे और आत्मघाती हमलावर में शामिल थे, जिन्होंने तीन चर्चों और तीन लक्जरी होटलों पर हमला किया।
श्रीलंका में ईस्टर के मौके पर तीन गिरजाघरों और लक्जरी होटलों में जबरदस्त धमाके में 321 लोगों की जान चली गई और 500 से अधिक अन्य घायल हो गए, जिनमें से कई की हालत गंभीर है। मारे गए लोगों में 10 भारतीयों समेत 38 विदेशी हैं।