फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्टारशिप की ऐतिहासिक उड़ान: अबतक की सबसे बोल्ड टेस्ट फ्लाइट पर स्पेसएक्स का प्रक्षेपण, क्या है मस्क का लक्ष्य?

Sat, 14 Nov 2026 06:03 AM IST
राकेश कुमार पीटीआई, टेक्सास।

सार

स्पेसएक्स ने स्टारशिप का अब तक का सबसे महत्वाकांक्षी परीक्षण शुरू किया है। कंपनी पहली बार 72 मीटर लंबे बूस्टर और 52 मीटर लंबे अंतरिक्ष यान, दोनों को लॉन्च टावर के यांत्रिक हाथों से हवा में पकड़ने की कोशिश करेगी। इस मिशन में 26 स्टारलिंक उपग्रह भी अंतरिक्ष में भेजे जाएंगे। सफलता मिलने पर चंद्रमा और मंगल मिशन के लिए रॉकेट को बार-बार इस्तेमाल करने का रास्ता मजबूत होगा।
विज्ञापन
स्टारशिप परीक्षण, क्या इतिहास रचेंगे एलन मस्क? - फोटो : @AI/अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमेरिकी अरबपति एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने शुक्रवार को अपने विशाल रॉकेट स्टारशिप को अंतरिक्ष की ओर रवाना किया। यह अब तक का उनका सबसे महत्वाकांक्षी परीक्षण है। इस बार कंपनी की कोशिश सिर्फ रॉकेट को अंतरिक्ष में भेजने की नहीं, बल्कि उसके दोनों हिस्सों को सुरक्षित वापस लाने की भी है। करीब 22 घंटे तक चलने वाले इस मिशन का सबसे बड़ा आकर्षण शनिवार को होने वाला संभावित डबल कैच है। इसमें रॉकेट के दोनों हिस्सों को लॉन्च टावर पर लगे विशाल यांत्रिक हाथों से हवा में ही पकड़ने की योजना है। अगर यह कोशिश सफल रहती है तो अंतरिक्ष की दुनिया में रॉकेट को दोबारा इस्तेमाल करने की दिशा में बड़ी कामयाबी मिलेगी। 
विज्ञापन


क्या है डबल कैच और दोनों हिस्सों को कैसे पकड़ेगा लॉन्च टावर?
स्पेसएक्स इस परीक्षण में पहली बार रॉकेट के बूस्टर और अंतरिक्ष यान, दोनों को वापस पकड़ने की कोशिश करेगी। इसके लिए टेक्सास स्थित कंपनी के लॉन्च टावर पर विशेष यांत्रिक हाथ लगाए गए हैं। ये हाथ हवा में लौट रहे रॉकेट के हिस्सों को पकड़कर उन्हें जमीन पर सुरक्षित उतारने में मदद करेंगे। इस पूरी प्रक्रिया में दो चरण होंगे:-
  • उड़ान भरने के करीब छह मिनट बाद रॉकेट का 72 मीटर लंबा बूस्टर वापस टेक्सास स्थित लॉन्च पैड पर पहुंचेगा। इसे लॉन्च टावर के यांत्रिक हाथों से पकड़ा जाएगा।
  • इसके बाद 52 मीटर लंबा स्टारशिप अंतरिक्ष यान शनिवार को वापस लौटेगा। कंपनी की योजना इसे भी उसी लॉन्च टावर पर लगे यांत्रिक हाथों से पकड़ने की है।
  • दोनों हिस्सों की कुल ऊंचाई 124 मीटर है। यह दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे शक्तिशाली रॉकेट है। कंपनी पहले ही अपने स्टारबेस में बूस्टर को तीन बार पकड़ने में सफल रही है, लेकिन इस बार उन्नत बूस्टर के साथ अंतरिक्ष यान को भी पकड़ने की पहली कोशिश होगी।

स्टारशिप अंतरिक्ष में क्या करेगा और कितनी दूर तक जाएगा?
इस परीक्षण के दौरान स्टारशिप सिर्फ वापस लौटने की कोशिश ही नहीं करेगा, बल्कि अपने साथ महत्वपूर्ण उपग्रह भी लेकर गया है। स्पेसएक्स की योजना इसके जरिये कंपनी के 26 सबसे उन्नत स्टारलिंक उपग्रहों को अंतरिक्ष में स्थापित करने की है।
  • स्टारशिप को पृथ्वी से करीब 275 किलोमीटर की ऊंचाई पर पहुंचने के बाद दुनिया के 15 चक्कर लगाने हैं।
  • इसके बाद अंतरिक्ष यान को वापस लॉन्च स्थल की ओर मोड़ा जाएगा। इस पूरे मिशन का अंतिम और सबसे अहम चरण शनिवार को पूरा होना है।
विज्ञापन

इस बार चुनौती कितनी बड़ी?
स्टारशिप के पिछले 14 परीक्षणों में अंतरिक्ष यान वाला हिस्सा कभी भी इस तरह वापस नहीं पकड़ा जा सका। पहले के परीक्षणों में यह हिस्सा या तो योजना के मुताबिक समुद्र में गिरा या फिर तकनीकी खराबी के कारण आग के मलबे में तब्दील हो गया। साल 2023 में पहली पूर्ण आकार की परीक्षण उड़ान के दौरान कई इंजन चालू नहीं हो पाए थे। इसके बाद नियंत्रण से बाहर हो रहे रॉकेट का सेल्फ-डिस्ट्रक्ट सिस्टम सक्रिय करना पड़ा था।

सितंबर में हुए पिछले परीक्षण में स्टारशिप पहली बार अंतरिक्ष की कक्षा तक पहुंचा था, लेकिन उस समय स्पेसएक्स ने रॉकेट के किसी भी हिस्से को वापस हासिल करने की कोशिश नहीं की थी। इस बार चुनौती इसलिए भी बड़ी है क्योंकि कंपनी उन्नत बूस्टर के साथ पहली बार पूरे अंतरिक्ष यान को भी पकड़ने जा रही है।

चंद्रमा और मंगल मिशन के लिए क्यों जरूरी स्टारशिप?
एलन मस्क का लक्ष्य स्टारशिप के जरिये चंद्रमा और मंगल तक इंसानों को पहुंचाना है। इसके लिए बार-बार रॉकेट बनाने के बजाय उन्हें दोबारा इस्तेमाल करना जरूरी है। स्पेसएक्स के लॉन्च विभाग के उपाध्यक्ष किको डोंचेव ने बताया कि कंपनी की योजना आने वाले समय में लॉन्च की संख्या को तेजी से बढ़ाने की है। कंपनी अगले कुछ महीनों में फ्लोरिडा और कुछ वर्षों में लुइसियाना से भी स्टारशिप लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।

स्पेसएक्स के छोटे फाल्कन रॉकेट फिलहाल नासा के अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंचाने और स्टारलिंक उपग्रहों को लॉन्च करने का काम करते रहेंगे। हालांकि, फाल्कन का दूसरा चरण हर उड़ान के बाद फेंकना पड़ता है। इसके उलट स्टारशिप के दोनों चरणों को वापस पकड़कर दोबारा इस्तेमाल करने की योजना है।

नासा चंद्रमा पर आर्टेमिस मिशन के अंतरिक्ष यात्रियों को उतारने के लिए स्पेसएक्स को अरबों डॉलर का भुगतान कर रहा है। इस दौड़ में जेफ बेजोस की कंपनी ब्लू ओरिजिन भी शामिल है। नासा को आर्टेमिस-4 के चंद्रमा पर उतरने से एक साल पहले यह तय करना है कि अंतरिक्ष यात्रियों को सतह तक पहुंचाने के लिए मस्क के स्टारशिप का इस्तेमाल होगा या बेजोस के ब्लू मून का। अगले साल गर्मियों में आर्टेमिस-3 मिशन के दौरान अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी की कक्षा में अपने कैप्सूल को पहले ब्लू मून और फिर स्टारशिप से जोड़ने का अभ्यास करेंगे। इसके बाद 2028 में चंद्रमा पर उतरने का रास्ता तैयार होगा।
विज्ञापन



 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें