दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जेई इन की सोमवार को विदाई हो गई। अब यूं सुक-योल यहां के नए राष्ट्रपति होंगे। सोमवार को उन्होंने राष्ट्रपति पद की शपथ ली। मुख्य विपक्षी पीपल पावर पार्टी के 60 वर्षीय यूं ने चुनाव में 48.6 प्रतिशत वोट पाकर सत्तारूढ़ डेमोक्रेटिक पार्टी के ली जे-म्युंग को राष्ट्रपति की दौड़ से बाहर कर दिया था। डेमोक्रेटिक पार्टी को 47.8 प्रतिशत वोट मिले थे। राष्ट्रपति पद की शपथ लेते ही यूं सुक-योल ने उत्तर कोरिया को परमाणु मुक्त करने का आह्वान किया।
रोजगार सृजन पर रहेगा जोर
अब अगले पांच वर्षों के लिए एशिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था को संभालने की जिम्मेदारी नए राष्ट्रपति यूं की है। यूं ने नेशनल असेंबली में कहा था कि वह सरकारी परियोजनाओं के बजाय निजी क्षेत्र के नेतृत्व में रोजगार सृजन सहित बाजार के नेतृत्व वाले दृष्टिकोणों का समर्थन करते हैं। उनका कहना है कि उनकी योजना कंपनियों के लिए लालफीताशाही में कटौती और आभासी संपत्ति उद्योग को नियंत्रित करने की है।