उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन को लेकर कई बातें ऐसी हैं, जो किसी को नहीं पता। खासतौर पर उनकी निजी जिंदगी के बारे में। हालांकि, हाल ही में किम जोंग ने दुनिया को अपनी बेटी से रुबरू कराया था। जिसके बाद से उत्तर कोरिया की अगली तानाशाह के लिए उनको लेकर अटकलें लगाई जाने लगी थीं। वहीं, अब दक्षिण कोरिया की जासूसी एजेंसी ने किम की बेटी किम जू ए के बारे में खुलासा किया है। एजेंसी ने दावा किया है कि किम जू ए का नाम कभी भी आधिकारिक रूप से शिक्षा ग्रहण करने के लिए किसी स्कूल में नहीं लिखाया गया है। वह प्योंगयांग में होमस्कूलिंग ले रही है।
किम ने अभी नहीं चुना है उत्तराधिकारी
जानकारों का कहना है कि उत्तर कोरिया के तानाशाह के तीन बच्चे हैं। इसमें दो लड़कियां व एक लड़का है। इससे पहले 2013 में सेवानिवृत्त स्टार डोनिस रोडमैन ने कहा था कि किम-जोंग-उन की एक जू ए नाम की बेटी है। एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, दक्षिण कोरिया की जासूसी एजेंसी ने दावा किया कि किम जू ए की उम्र अभी करीब 10 साल है। साथ ही किम जोंग उन ने उन्हें अपने उत्तराधिकारी के रूप में नहीं चुना है, लेकिन अपनी बेटी की उपस्थिति का उपयोग लोगों को यह दिखाने के लिए कर रहे हैं कि भविष्य में उनकी संतानों में से एक को उनकी शक्ति विरासत में मिलेगी।
दक्षिण कोरिया की जासूसी एजेंसी ने कहा कि किम जोंग उन अभी भी बहुत युवा और स्वस्थ हैं। ऐसे में अपने उत्तराधिकारी को नियुक्त करने के लिए उनके पास बहुत समय है।
तानाशाह किम की बेटी के यह हैं शौक
दक्षिण कोरिया की जासूसी एजेंसी ने यह भी खुलासा किया कि किम जू ए को कभी भी आधिकारिक शिक्षा सुविधा में नामांकित नहीं किया गया है। वह प्योंगयांग में होमस्कूलिंग ले रही है। इसके अलावा किम की बेटी के शौक घुड़सवारी, स्कीइंग और तैराकी हैं।
इससे पहले, बीते महीने उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन देश की सेना के 75वें स्थापना दिवस पर सैन्य बलों से मुलाकात करने अपनी बेटी किम जु ऐ (Kim Ju Ae) के साथ पहुंचे थे। उन्होंने इस दौरान परमाणु हथियारों से सक्षम अपनी सेना की सराहना की। किम ने यह दौरा इन संकेतों के बीच किया है कि देश की राजधानी प्योंगयांग में उत्तर कोरिया एक बड़ी सैन्य परेड की तैयारी कर रहा है। इस परेड में वह अपने बढ़ते परमाणु हथियार कार्यक्रम के नवीनतम उपकरणों को प्रदर्शित कर सकता है। सार्वजनिक रूप से किम की बेटी के सामने आने के बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि उसके पिता के उत्तराधिकारी के रूप में तैयार किया जा रहा है या नहीं।