दक्षिण कोरिया ने उसकी हवाई सीमा में घुसे रूसी विमानों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाते हुए चेतावनी दी है। दक्षिण कोरिया का कहना है कि उसने देश की हवाई सीमा में घुस आए रूसी लड़ाकू विमानों को चेतावनी देते हुए उन पर गोलियों की बौछार कर दीं। वहीं, रूस ने इससे इनकार किया है।
दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि रूस के कई लड़ाकू विमान मंगलवार को देश के पूर्वी हिस्से में प्रवेश कर गए। मंत्रालय ने कहा कि दक्षिण कोरिया के लड़ाकू विमानों ने भी उड़ान भरी और चेतावनी के लिए रूसी विमानों पर गोलियां चलाईं।
उसका कहना है कि मंगलवार को ही चीन के लड़ाकू विमानों ने भी देश की हवाई सीमा का उल्लंघन किया। मंत्रालय ने इस संबंध में और कोई जानकारी नहीं दी। हालांकि मॉस्को ने हमलों के लिए खुद को जिम्मेदार मानने से इनकार करते हुए इन खबरों को ‘फर्जी’ करार दिया। रूसी विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘रूसी वायुसेना इस इलाके में किसी भी मिशन में शामिल नहीं है।’