अमेरिका इन दिनों मौसम की मार झेल रहा है। आर्कटिक तूफान के चलते ह्यूस्टन में 21 जनवरी को स्कूल बंद करने का आदेश जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि आर्कटिक तूफान के चलते तापमान शून्य से भी नीचे चला जाएगा और अगले सप्ताह भारी बर्फबारी होगी। इसके बाद पूरे शहर में लोगों को तूफान से बचाने की तैयारियां तेज हो गईं हैं।
बताया जा रहा है कि तूफान के कारण कड़ाके की ठंड पड़ेगी और भारी बर्फबारी के चलते तापमान काफी नीचे चला जाएगा। साथ ही सप्ताह के मध्य तक ओले गिरने और हिमपात की स्थिति बन सकती है। हालांकि शहर में औसतन हर चार साल में एक बार ही हिमपात होता है। मौसम विभाग की रिपोर्ट मिलने के बाद लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। लोगों ने आवश्यक सामान जुटाना शुरू कर दिया है। इसके चलते शहर के सुपर मार्केट में भीड़ नजर आई। किराने की दुकानों पर बड़ी संख्या में लोग नजर आए।
लोगों ने दूध, ब्रेड और बोतलबंद पानी की खूब खरीद की। आलम यह रहा कि तमाम सुपर मार्केट तो आधे दिन में ही खाली हो गए। लोग सामान जुटाने के लिए एक दुकान से दूसरी दुकान की ओर दौड़ लगाते रहे। वहीं स्थानीय नेताओं ने भी लोगों को तूफान से बचाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मेयर जॉन व्हिटमायर ने हैरिस काउंटी जज के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ठंड से बचने के लिए दस वार्मिंग सेंटर बनाने की घोषणा की गई है। यह केंद्र आज शाम को खुलेंगे। वहीं शहर के पशु आश्रय स्थल बीएआरसी में पालतू जानवरों को रखने के लिए केनेल बनाए गए हैं। वहीं ह्यूस्टन पब्लिक वर्क्स और टेक्सास परिवहन विभाग ने खतरनाक बर्फ जमने से रोकने के लिए पुलों, ओवरपास और प्रमुख राजमार्गों पर काम शुरू कर दिया है।
मेयर व्हिटमायर ने कहा कि हम शहर में मौसम से निपटने के लिए तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से पाइपों, पौधों और पालतू जानवरों, घरों और प्रियजनों की सुरक्षा करने का आग्रह किया। वहीं मैराथन और दो मार्टिन लूथर किंग जूनियर डे परेड सहित बड़े आयोजनों को भी सुरक्षा प्रदान की जाएगी। वहीं स्कूलों ने भी बर्फीली सड़कों और संभावित बिजली कटौती को लेकर एहतियात के तौर पर 21 जनवरी को स्कूल बंद करने की घोषणा कर दी है।
इसके अलावा सेंटर प्वाइंट एनर्जी के कर्मचारी हाई अलर्ट पर हैं। उन्होंने बिजली कटौती को रोकने के लिए 3,500 मील लंबे पेड़ों की छंटाई की है और पावर ग्रिड की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हीटर लगाए हैं। सेंटरपॉइंट एनर्जी की मिशेल हंडले ने कहा कि बर्फबारी से हमारे सिस्टम को नुकसान न पहुंचे इसलिए हम पूरी तरह से तैयारी कर रहे हैं।