महासचिव एंतोनियो गुटेरस ने संयुक्त राष्ट्र में भारत के वरिष्ठ अधिकारी सिद्धार्थ चटर्जी को चीन में वैश्विक संस्था का स्थानीय समन्वयक नियुक्त किया है।
स्थानीय समन्वयक देश स्तर पर विकास के लिए संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रतिनिधि होते हैं। वह सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) के जरिए कोविड-19 से निपटने के लिए देशों की मदद के संबंध में यूएन के दल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
गुटेरस ने चीन सरकार की मंजूरी के बाद चटर्जी को वहां का स्थानीय समन्वयक नियुक्त किया है। महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने बताया, चटर्जी अगले साल जून के मध्य से पद संभालेंगे।
संयुक्त राष्ट्र ने एक बयान में कहा कि चटर्जी के पास अंतरराष्ट्रीय सहयोग, सतत विकास, मानवीय मदद और शांति-सुरक्षा के क्षेत्र में काम करने का 25 साल से ज्यादा का अनुभव है।
उन्होंने यूएन और इससे बाहर काम के दौरान ये अनुभव हासिल किए। चटर्जी ने भारत में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी से स्नातक डिग्री हासिल की और अमेरिका में प्रिंसटन विश्वविद्यालय से लोक नीति में मास्टर डिग्री प्राप्त की।
कई अहम जगह काम कर चुके हैं चटर्जी
सिद्धार्थ चटर्जी केन्या में संयुक्त राष्ट्र के स्थानीय समन्वयक समेत संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) और संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (यूएनएफपीए) के लिए भी काम कर चुके हैं।
वे पश्चिम एशिया और यूरोप के लिए यूएन की परियोजना सेवा (यूएनओपीएस) के लिए क्षेत्रीय निदेशक के तौर पर डेनमार्क में और इराक में यूएन सहयोग मिशन (यूएनएएमआई) में चीफ ऑफ स्टाफ पद भी काम कर चुके हैं।