गाजा में युद्ध के कारण इस्राइली कब्जे वाले इलाकों और इस्राइल में दोनों जगह हिंसा में तेजी आई है। फलस्तीनियों के हमलों में कई इस्राइली नागरिक मारे गए हैं। वहीं वेस्ट बैंक इलाके में फलस्तीनियों पर हमले तेज हुए हैं।
इस्राइली शहर यरुशलम में दो हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चलाकर छह लोगों की जान ले ली। जवाबी कार्रवाई में दोनों हमलावर ढेर हो गए हैं। इस्राइली पैरामेडिक सेवा के प्रमुख मैगन डेविड एडोम के अनुसार, सोमवार सुबह यरुशलम में हुई गोलीबारी में कम से कम 15 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी शुरू होने के तुरंत बाद दोनों हमलावरों को ढेर कर दिया गया।
विज्ञापन
यरुशलम में यहूदी बस्ती की तरफ जाने वाले रास्ते पर हुई गोलीबारी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यरुशलम के उत्तरी प्रवेश द्वार पर यहूदी बस्ती की तरफ जाने वाली सड़क के प्रमुख रामोट चौराहे पर गोलीबारी की घटना हुई। हमलावरों यात्रियों से भरी बस पर सवार हुए और लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इस्राइली मीडिया के अनुसार, दोनों हमलावरों की पहचान हो गई है। दोनों फलस्तीन में वेस्ट बैंक के रामल्ला के नजदीक स्थित एक गांव के निवासी थे। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हमलावर हमले वाली जगह कैसे पहुंचे और किसने उनकी मदद की।
इस्राइली मीडिया के अनुसार, हमलावरों को ढेर करने वाला व्यक्ति एक ऑफ ड्यूटी सैनिक है, जो इस्राइली सेना की एक ब्रिगेड का स्कवॉड कमांडर है। वहीं एक अन्य नागरिक ने भी हमलावरों पर गोली चलाई। इसके बाद इस्राइली नागरिकों को हथियार देने की मांग फिर से उठ गई है। हमास ने हमलावरों की तारीफ की और उन्हें हीरो बताया। हालांकि हमास ने हमले के पीछे अपनी संलिप्तता से इनकार किया।
गाजा युद्ध के बाद बढ़ीं गोलीबारी की घटनाएं
गाजा में युद्ध के कारण इस्राइली कब्जे वाले इलाकों और इस्राइल में दोनों जगह हिंसा में तेजी आई है। फलस्तीनियों के हमलों में कई इस्राइली नागरिक मारे गए हैं। वहीं वेस्ट बैंक इलाके में फलस्तीनियों पर हमले तेज हुए हैं। अक्तूबर 2024 में भी इस्राइल में ऐसी ही गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसमें दो फलस्तीनियों ने तेल अवीव के रेल स्टेशन पर गोलीबारी की थी। उस हमले में सात लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हुए थे। इस हमले की जिम्मेदारी हमास ने ली थी।