california bowling alley shootout
अमेरिका में गोलीबारी की एक और घटना सामने आई है। एपी ने बताया कि हमले में तीन की मौत हुई है और 4 लोग घायल हुए हैं। कैलिफोर्निया पुलिस ने शनिवार सुबह टोरेंस के गैबल हाउस में शूटआउट की जानकारी दी। पुलिस ने ट्वीट करके बताया, गोलियों की आवाज सुनी गई है और कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। जांच जारी है, कृपया प्रभावित इलाके से दूर रहें।
कैलिफोर्निया में पुलिस ने शनिवार को कहा कि लॉस एंजिलिस के पास एक जगह पर गोलीबारी में तीन व्यक्ति मारे गए और चार अन्य घायल हो गए। टोरेंस पुलिस विभाग के सार्जेंट रोनाल्ड हैरिस ने इसकी पुष्टि की है कि अधिकारियों ने शुक्रवार को रात 11 बजकर 54 मिनट पर गैबल हाउस बाउल में गोलीबारी की सूचना पर कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि इसमें हताहत सातों पुरुष हैं। तीन को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया, दो अन्य को अस्पताल ले जाया गया। ‘द लॉस एंजिलिस टाइम्स’ की खबर के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि खेल परिसर के पास झगड़ा हुआ। टोरेंस पुलिस विभाग ने एक ट्वीट में लोगों को चेतावनी देते हुए उनसे क्षेत्र से दूर रहने का अनुरोध किया। टोरेंस एक तटवर्ती शहर है जो कि लॉस एंजिलिस से करीब 30 किलोमीटर दक्षिणपूर्व में स्थित है।
जीसस पेरेज ने बताया कि घटना के वक्त मैं वहीं मौजूद था, शूटआउट की आवाज सुनते ही मैं दौड़कर बार में जाकर छुप गया। पुलिस ने लोगों से बॉलिंग एले से दूर रहने की सलाह दी है। गैबल हाउस खेल के स्थान के रूप में प्रसिद्ध है, खासकर बॉलिंग के लिए। कैलिफॉर्निया का टॉरेंस शहर लॉस एंजेल्स से 20 किमी. दूर है।