बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अमेरिका के एक सांसद के उस प्रस्ताव को ‘क्रूर’ कहकर उसकी आलोचना की है जिसमें म्यामांर के अशांत रखाइन प्रांत को बांग्लादेश में शामिल कर लेने की बात कही गई थी।
ढाका में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए नाराज दिख रहीं हसीना ने शेरमैन को अतीत में अपने देश के गृह युद्ध की याद दिलाई और कहा कि बांग्लादेश ऐसा कुछ नहीं करेगा, जो क्षेत्रीय स्थिरता और शांति को प्रभावित करेगा। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश म्यामांर की संप्रभुता का सम्मान करता है क्योंकि रखाइन उसके भूभाग का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि बांग्लादेश अपने 54000 वर्ग किलोमीटर के भूभाग से खुश है। बांग्लादेश सिर्फ रोहिंग्याओं की उनके अपने देश में सुरक्षित वापसी चाहता है। उन्होंने इस प्रस्ताव को ‘क्रूर’ बताया और इसकी जगह शेरमैन से रोहिंग्याओं की उनके देश में सुरक्षित वापसी के लिये अभियान चलाने को कहा।