कोरोना की दूसरी लहर को लेकर दुनियाभर में व्याप्त चिंताओं के बीच अमेरिकी शोधकर्ताओं ने दावा किया है कि क्वारंटीन, आश्रय घरों में एकांतवास, मास्क जैसे उपायों के जरिये गंभीर संकट को टाला जा सकता है। इन उपायों की मदद से संक्रमण के प्रसार को रोका जा सकता है साथ ही मृत्यु दर पर भी लगाम लगाई जा सकती है।
प्लस वन जर्नल में प्रकाशित शोध में जॉर्जिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेकभनोलॉजी के प्रोफेसर पिनार केस्किनोकाक ने कहा, संक्रमित व्यक्ति व उसके परिजनों द्वारा दिखाई जाने वाली सजगता भी संक्रमण के प्रसार को रोकने में सहायक है।
जैसे अगर कोई एक व्यक्ति संक्रमण की चपेट में आए और उसके बाद घर के सभी लोग खुद को घर में ही क्वारंटीन कर लेते हैं। इससे भले ही बेहद छोटे रूप में लेकिन संक्रमण की कड़ी वहीं टूट जाती है। इसी तरह अगर सभी लोग अपनी जिम्मेदारी को समझें तो संक्रमण फैलने के खतरे को कम किया जा सकता है।
टीके के लिए हर प्रक्रिया का होगा पालन : एफडीए
कोरोना के टीकों पर फैसला करने वाले अमेरिकी नियामक एक असामान्य कदम उठा रहे हैं। दरअसल, वह वैज्ञानिकों से पूछ रहे हैं कि क्या उनके मानक पर्याप्त हैं। खाद्य और औषधि प्रशासन को वर्ष के अंत तक निर्णय लेना है कि क्या वायरस के खिलाफ पहले टीकों के उपयोग की अनुमति दें या ना दें।
बृहस्पतिवार को एक संघीय सलाहकार समिति ने पूछा क्या एफडीए ने वैक्सीन डेवलपर्स के लिए जो दिशानिर्देश निर्धारित किए हैं, वे काफी सख्त हैं। एफडीए कमिश्नर स्टीफन हैन ने बुधवार को मिल्किन इंस्टीट्यूट की बैठक में कहा कि हम कोई प्रक्रिया नहीं छोड़ेंगे और हम दृढ़ निश्चय के साथ केवल विज्ञान और डाटा का उपयोग करेंगे।
साल के अंत तक अमेरिका के पास होगा टीका : एलेक्स अजार
अमेरिका के स्वास्थ्य और मानव सेवा सचिव एलेक्स अजार ने बुधवार को कहा कि जरुरतमंद अमेरिकियों लगने वाला कोरोना वायरस का प्रभावी और सरक्षित टीका अमेरिका के पास होने की संभावना है।
उन्होंने कहा, अमेरिकी सरकार सतर्कतापूर्वक आशावादी है कि फाइजर या मोडर्ना में से संभवत: एक या दो वैक्सीन के टीके इस साल के अंत तक उपलब्ध होंगे और अमेरिकियों को वितरित किए जाने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
अजार ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सभी वरिष्ठ नागरिकों, स्वास्थ्यकर्मियों और फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स को जनवरी से वैक्सीन मिलनी शुरू हो जाएगी, जबकि बाकी अमेरिकी अप्रैल तक वैक्सीन लेने में सक्षम होंगे।