स्वीडन में वालपुर्गिस वसंत महोत्सव की पूर्व संध्या पर एक हेयर सैलून में गोलीबारी की घटना हुई। गोलीबारी में कम से कम तीन लोगों के मारे जाने की खबर है और कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, कई लोगों के शरीर पर चोटें मिली हैं, जिससे गोलीबारी के संकेत मिले हैं। इलाके को घेर लिया है और जांच की जा रही है।
स्वीडन के उप्साला शहर के एक हेयर सैलून में हुई गोलीबारी में कम से कम तीन लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। इस गोलीबारी में कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। स्वीडन की पुलिस ने बताया कि उन्हें कई फोन कॉल प्राप्त हुए, जिनमें लोगों ने फायरिंग की जानकारी दी थी। पुलिस के मुताबिक, वाक्साला स्क्वायर के पास जोर-जोर से धमाकों जैसी आवाजें सुनाई दीं, जो संभवतः गोलीबारी की थीं। यह स्थान शहर के केंद्र में स्थित है।
विज्ञापन
यह घटना वालपुर्गिस वसंत महोत्सव की पूर्व संध्या पर हुई, जब बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर मौजूद होते हैं। पुलिस ने बताया कि मौके पर कई लोग घायल मिले हैं। उनके शरीर पर चोटें पाई गई हैं, जो गोलीबारी के संकेत देती है। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और जांच जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने पांच गोलियों की आवाज सुनी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उन्होंने पांच गोलियों की आवाज सुनी और लोगों को छिपने के लिए भागते हुए देखा। इसके अलावा, उन्होंने एक संदिग्ध को स्कूटर पर भी भागते हुए देखा। पुलिस ने संदिग्ध अपराधी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस इस घटना की जांच हत्या के तौर पर कर रही है।
फरवरी में हुई गोलीबारी में मारे गए थे 10 छात्र और शिक्षक
इस साल फरवरी में भी स्वीडन में सामूहिक गोलीबारी हुई थी। एक 35 वर्षीय बेरोजगार व्यक्ति ने ओरेब्रो शहर में एक वयस्क शिक्षा केंद्र पर गोलीबारी की थी। इस गोलीबारी में 10 छात्र और शिक्षक की मौत हो गई थी।
देश में पिछले 10 वर्षों में बंदूक हिंसा में हुई वृद्धि
स्वीडन में गिरोह से जुड़ी हिंसा बढ़ रही हैं। पिछले 10 वर्षों में बंदूक हिंसा में वृद्धि हुई है। इन अपराधों में अपराधी अक्सर 15 वर्ष से कम उम्र के किशोर पाए गए हैं। बंदूक हिंसा में वृद्धि के जवाब में दक्षिणपंथी सरकार ने बंदूक नियंत्रण कानूनों को सख्त करने की योजना की घोषणा की है।