पाकिस्तान के उत्तरी वजीरिस्तान के गुलमीर कोट इलाके में बम विस्फोट में 11 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि उत्तरी वजीरिस्तान में शनिवार को एक वैन में बम विस्फोट किया गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल किसी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। बता दें, कुछ दिन पहले ही पाकिस्तान के बाजौर में एक राजनीतिक रैली में आत्मघाती विस्फोट में 63 लोग मारे गए थे। इस्लामिक स्टेट ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी।
यह है मामला
उपायुक्त रेहान गुल खट्टक ने बताया कि आतंकवादियों ने शनिवार को शवाल तहसील में गुल मीर कोट के पास विस्फोट कर 16 मजदूरों को ले जा रहे एक वाहन को उड़ा दिया। एक निर्माणाधीन सरकारी इमारत में काम करने वाले कम से कम 11 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए और तीन लापता हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि दक्षिणी वजीरिस्तान तहसील माकिन और वाना के घायलों और मृतकों के शवों को पास के अस्पताल में ले जाया गया है। वहीं, लापता श्रमिकों की पहचान करने और उनका पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
खैबर-पख्तूनख्वा में गोलीबारी में दो आतंकवादियों की मौत
पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत के खैबर जिले में एक खुफिया ऑपरेशन के दौरान दो आतंकवादियों को मार गिराया। सुरक्षाबलों ने बताया कि 18-19 अगस्त की रात में आतंकवादियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया गया था। इस दौरान दोनों ओर से गोलीबारी हुई और सेना ने दो आतंकवादियों को मार गिराया।
कराची में पुलिसकर्मी की मौत
कराची के शराफी गोथ के पास अल्लाहदाद ग्राउंड में अज्ञात हमलावरों ने एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिसकर्मी की पहचान जाहिद के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, हमलावर बाइक पर आए थे, जिन्होंने पुलिस अधिकारी पर गोली चला दी।