पिछले महीने लीबिया में आतंकवादियों द्वारा अपहरण किए गए सात भारतीयों को छोड़ दिया गया है। इसकी जानकारी ट्यूनीशिया में भारतीय राजदूत पुनीत रॉय कुंदल ने दी। छोड़े गए सभी लोग उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, गुजरात और बिहार के निवासी हैं।
आपको बता दें, इन भारतीयों को 14 सितंबर को लीबिया के अस्सहवेरिफ इलाके से उस वक्त अगवा कर लिया, जब वे सभी साथ में अपने वतन भारत लौटने के लिए त्रिपोली हवाई अड्डे जा रहे थे। भारत लगातार इन्हें बचाने का प्रयास कर रहा था। आज सभी सात भारतीयों को सुरक्षित रिहा कर दिया है।
गौरतलब है कि विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा था कि लीबिया में पिछले महीने सात भारतीयों का अपहरण कर लिया गया और भारत उनकी रिहाई के लिए लीबियाई अधिकारियों के संपर्क में है। अपहृत भारतीयों में आंध्र प्रदेश, बिहार, गुजरात और उत्तर प्रदेश के लोग शामिल हैं।