कोरोना महामारी के दौरान अमेरिका में विभिन्न समुदायों की मदद के लिए गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) ‘सेवा इंटरनेशनल’ को लव टेक्स एक्शन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस भारतीय-अमेरिकी एनजीओ को पुरस्कार के रूप में 50 हजार डॉलर (करीब 37 लाख रुपये) दिए गए।
सेवा इंटरनेशनल के अध्यक्ष अरुण कांकणी अमेरिका के उन 35 सामुदायिक सदस्यों में हैं, जिन्हें इस महामारी से निपटने के लिए असाधारण जनसेवा के कारण पुरस्कार के लिए चुना गया।
ह्यूस्टन के रहने वाले कांकणी के मुताबिक, इस पुरस्कार राशि से टेक्सास की हैरिस काउंटी में कमजोर समुदायों को भोजन की किट, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण और हैंड सैनिटाइजर आदि वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा स्कूली बच्चों को शिक्षा के लिए मदद मुहैया कराई जाएगी।
उन्होंने कहा, यह प्रोत्साहित करने वाला पुरस्कार है, जिसके लिए मैं बहुत आभारी हूं। हम निस्वार्थ कार्य के सिद्धांत को गंभीरता से लेते हैं और हमारे स्वयंसेवकों ने निष्काम कर्म की भावना को आत्मसात किया है। यह पुरस्कार हमारे स्वयंसेवकों की इसी भावना को सम्मानित करता है।