यूएई में भारतीय शिक्षिका की मौत हो गई है (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में एक वरिष्ठ भारतीय अध्यापिका का कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से निधन हो गया है। अध्यापिका के पति रॉय मैथ्यू सैमुअल के अनुसार अबू धाबी के इंडियन स्कूल में पढ़ाने वाली प्रिंसी रॉय मैथ्यू का बुधवार शाम को कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद निधन हो गया है।
गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार प्रिंसी केरल से ताल्लुक रखती थी और उनके तीन बच्चे हैं। उनके पति ने कहा, 'हम अपनी पत्नी के असामयिक निधन से बहुत आहत हैं। उन्हें एक हफ्ते पहले बुखार आना शुरू हुआ था और उनकी हालत बिगड़ती चली गई। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई। उनकी कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई।'
सैमुअल ने कहा कि हम अंतिम संस्कार करने के लिए शवगृह से उनके शव आने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिवार के सभी सदस्यों का स्वास्थ्य ठीक हैं। वहीं स्कूल के प्रिंसिपल नीरज भार्गव ने कहा कि लंबे समय से कार्यरत अंग्रेजी शिक्षिका की मौत से स्कूल का पूरा शिक्षण समुदाय और कर्मचारी सदमे में हैं। यूएई में कोरोना वायरस के मामलों की कुल संख्या 11,929 है जबकि 98 लोगों की मौत हुई है।