अमेरिकी संसद के दोनों सदनों (प्रतिनिधि सभा और सीनेट) ने एरिजोना में नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन की जीत को दी गयी चुनौती खारिज कर दी है। सीनेट ने ट्रंप की चुनौती को खारिज करतो हुए कहा है कि एरिजोना के नतीजे मान्य हैं।
एरिजोना में चुनाव के नतीजों पर रिपब्लिकन सांसद पॉल गोसर और सीनेटर टेड क्रूज ने आपत्ति की थी। इसे छह के मुकाबले 93 मतों से खारिज कर दिया गया। इसके पक्ष में सभी रिपब्लिकन सांसदों के वोट मिलने की संभावना थी लेकिन कैपिटल बिल्डिंग में हिंसा की घटना के बाद सांसदों ने इस आपत्ति का समर्थन नहीं करने का फैसला किया।
सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी का बहुमत हैै। सीनेट ने बाइडन के लिए पेंसिलवेनिया में इलेक्टोरल कॉलेज वोटों पर रिपब्लिकन पार्टी की आपत्ति भी खारिज कर दी। सीनेट के सदस्यों ने सात के मुकाबले 92 मतों से इस आपत्ति को नामंजूर कर दिया।
जॉर्जिया में सीनेट की दोनों सीटें डेमोक्रेट को
अमेरिकी मीडिया की तरफ से जॉर्जिया सीनेट की दो सीटों पर डेमोक्रेटिक पार्टी के कब्जे की खबरें हैं। यहां से डेमोक्रेट राफेल वॉरनॉक और जो ओसॉफ की जीत का एलान किया गया है। इस जीत के साथ ही अमेरिकी सीनेट में डेमोक्रेटों और रिपब्लिकनों की संख्या समान हो गई है। सीनेट में 100 सदस्य होते हैं अब दोनों पार्टियों की 50-50 की बराबरी हो चुकी है। पहले यहां रिपब्लिकनों का बहुमत था।