पाकिस्तान सुरक्षा बलों ने सोमवार को खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान जिले में एक ऑपरेशन के दौरान तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के एक शीर्ष कमांडर को मार गिराया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया गया था, जिसमें टीटीपी गंडापुर का कमांडर जब्बार शाह मारा गया, जबकि एक अन्य आतंकी घायल हो गया।
मारा गया आतंकवादी दरबान क्षेत्र में कानून प्रवर्तन एजेंसियों, धार्मिक समूहों और पोलियो टीमों के अलावा कई हमलों में शामिल था। वह आतंकवादी संगठन के लिए वसूली भी किया करता था। साथ ही यह संगठन पाकिस्तान में कई हमलों को अंजाम दे चुका है, जिसमें आत्मघाती बम विस्फोट और सिर कलम करना शामिल है।
रासायनिक संयंत्र में विस्फोट, पांच की मौत, एक लापता
चीन के रासायनिक कारखाने में विस्फोट के बाद कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, एक लापता है और एक अन्य घायल हो गया। यह घटना चीन के शेडोंग प्रांत के लियाओचेंग में रासायनिक हाइड्रोजन पेरोक्साइड उत्पादन क्षेत्र में हुई। ग्लोबल टाइम्स के अनुसार, घटना का कारण अभी भी अज्ञात है और इसकी जांच की जा रही है। इस बीच, चाइना डेली ने बताया कि सोमवार दोपहर तक आग बुझा दी गई थी। घायल व्यक्ति का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है जबकि बचाव कार्य अभी भी जारी है।
27 दिन भूखे पेट 64 किमी सफर कर पुराने मालिक तक पहुंचा कुत्ता
उत्तरी आयरलैंड के डनगानन शहर में एक कुत्ते ने हाल ही में 27 दिन में भूखे पेट चलकर 64 किलोमीटर का सफर तय किया है। कई वर्षों तक अपने मालिक से दूर रहने के बावजूद भी वो उसे भूल नहीं पाया और मौका पाते ही वहां पहुंच गया। उत्तरी आयरलैंड के डनगानन शहर में कूपर नाम के एक कुत्ते को नाइजिल नाम के एक फोटोग्राफर ने हाल ही में एक पेट शॉप से खरीदा था। वहां से करीब 64 किलोमीटर दूर टोबरमोर कस्बे में उसका बचपन बीता था। लेकिन उसके पुराने मालिक ने उसे एक पेट शॉप में बेच दिया था। उसके साथ उसका भाई जॉर्ज भी था। उसी पेट शॉप से नाइजिल ने कूपर को खरीद लिया और अपनी पालतू डॉगी मॉली को साथी देने के लिए उसे घर ले आया, लेकिन वह भागकर पुराने मालिक के पास पहुंच गया।
जापान में कॉलेज प्रोफेसर बने अलीबाबा के मुखिया जैक मा
चीन के अरबपति कारोबारी और ई-कॉमर्स कंपनी अलीबाबा समूह के मुखिया जैक मा को जापान के प्रतिष्ठित टोक्यो यूनिवर्सिटी ने प्रोफेसर बनाया है। वह टोक्यो यूनिवर्सिटी के रिसर्च सेंटर टोक्यो कॉलेज में गेस्ट फैकल्टी होंगे। विवि के मुताबिक मा टिकाऊ कृषि-खाद्य उत्पादन पर शोध करेंगे।