लंदन के एक प्रसिद्ध सुरक्षा विशेषज्ञ वॉल्टर लैडविग ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने पाकिस्तान की तुलना में बहुत अधिक लक्ष्यों को सटीक रूप से निशाना बनाया और ज्यादा हमले सफल रहे। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की सरकार की नीति बदल गई है। अब अगर कोई आतंकी हमला भारत में होता है और उसमें पाकिस्तान के आतंकी संगठनों का हाथ लगता है, तो भारत सीधे जवाबी हमला करता है।
किंग्स कॉलेज लंदन के सुरक्षा विशेषज्ञ वॉल्टर लैडविग ने एएनआई को दिए एक इंटरव्यू में कहा, भारतीय वायु सेना (आईएएफ) ने ऑपरेशन के दौरान पूरी तरह से सेना के नियमों के अनुसार काम किया। उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना ने अलग-अलग ठिकानों पर बहुत सटीक हमले किए, जो कि बहुत प्रभावशाली थे।
ये भी पढ़ें: 'भारत-पाकिस्तान के बीच सीधी बातचीत को बढ़ावा देना चाहता है US', अमेरिकी विदेश मंत्रालय का बयान
उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि भारत ने पाकिस्तान की तुलना में ज्यादा जगहों पर और ज्यादा सफलतापूर्वक हमले किए। इसी वजह से भारत से ज्यादा सबूत, तस्वीरें और जानकारी सामने आई हैं, जो उसके दावों को सही साबित करती हैं, जबकि पाकिस्तान के पास ऐसा कम नजर आया।
जब उनसे पूछा गया कि भारत ने इस टकराव में अपने दावों के समर्थन में उच्च-रिजोल्यूशन (बहुत साफ) वाले सबूत पेश किए, जबकि पाकिस्तान के पास ऐसे सबूत कम थे, तो उन्होंने बताया कि भारत ने ज्यादा असरदार और सटीक कार्रवाई की, इसलिए उसके पास दिखाने के लिए ज्यादा ठोस और साफ सबूत हैं। यह फर्क इसी वजह से है।
जब उनसे भारत-पाकिस्तान के मौजूदा संकट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने एक नई नीति अपनाई है, जिसमें वह यह कह रही है कि अगर पाकिस्तान में आतंकवादी समूहों को पनाह मिलने से नहीं रोका गया, तो भारत को इसका जवाब देने के लिए सैन्य कार्रवाई करने का अधिकार है।
ये भी पढ़ें: 'ईरान के पास अमेरिका का प्रस्ताव है...' तेहरान के तेजी से बढ़ते परमाणु कार्यक्रम पर बोले राष्ट्रपति ट्रंप
उन्होंने कहा, मुझे सबसे ज्यादा जो बात अहम लगी, वह यह थी कि भारत सरकार की नीति में बदलाव हुआ है। अब भारत उन आतंकवादी हमलों का जवाब सीधे तौर पर दे रहा है, जिनका संबंध पाकिस्तान में काम करने वाले आतंकी संगठनों से माना जाता है। पहले सरकारें इस बात के सबूत एकत्र करने की कोशिश करती थीं कि पाकिस्तान से जुड़े आतंकवादी समूहों का भारत में हमले से कोई संबंध है, लेकिन अब भारत की नीति यह कह रही है कि अगर पाकिस्तान में आतंकवादी समूहों को पनाह देने से रोका नहीं गया, तो भारत सैन्य कार्रवाई करेगा।
भारतीय वायुसेना ने सामान्य सैन्य प्रक्रियाओं और सिद्धांतों के अनुसार काम किया तो यह देखा गया कि उनके पास विभिन्न लक्ष्यों को सटीक रूप से हमला करने की क्षमता थी। लैडविग किंग्स कॉलेज लंदन में युद्ध अध्ययन के सीनियर लेक्चरर हैं। उनके शोध में रणनीतिक अध्ययन, सैन्य रणनीति, अमेरिकी विदेश नीति, रक्षा राजनीति, भारतीय रक्षा नीति, और दक्षिण एशियाई सुरक्षा जैसे विषय शामिल हैं।