फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेरिकी संसद पर दंगे में घिरे ट्रंप के खिलाफ महाभियोग, बुधवार से शुरू होगी सुनवाई

Tue, 09 Feb 2021 08:56 PM IST
सुरेंद्र जोशी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वाशिंगटन
विज्ञापन
डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो) - फोटो : PTI
विज्ञापन

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ महाभियोग की सीनेट के समक्ष सुनवाई संभवत: बुधवार से शुरू होगी। यह उनके खिलाफ दूसरा महाभियोग है। पिछले साल वह एक अन्य ऐसे केस में बरी हो चुके हैं। महाभियोग के तहत उन पर चुनाव के परिणाम को पलटने के लिए छह जनवरी को अमेरिकी कैपिटल (संसद भवन) में दंगा भड़काने का आरोप लगाया गया है। दलीलें रखने की प्रक्रिया बुधवार से शुरू होगी और दोनों पक्षों को 16-16 घंटे दिए जाएंगे।

विज्ञापन

वकील बोले-दंगे के लिए नहीं भड़काया

ट्रंप के वकीलों की दलील है कि ट्रंप ने समर्थकों की रैली को संबोधित करने के दौरान लोगों को दंगे के लिए नहीं भड़काया। बचाव पक्ष के वकीलों ने आरोप लगाया है कि सदन के महाभियोग प्रबंधक घंटे भर लंबे ट्रंप के भाषण में से सिर्फ उन्हीं हिस्सों को ले रहे हैं जो डेमोक्रेटिक पार्टी के मामले के लिए मददगार हैं। वकीलों ने रेखांकित किया कि ट्रंप ने बार-बार अपने समर्थकों से अपील की कि वे शांतिपूर्ण और देशभक्त तरीके से अपनी आवाज उठाएं।
ट्रंप ने समर्थकों से यह कहा था
वकीलों ने दलील दी कि ट्रंप की टिप्पणी, 'अगर आप जी-जान से नहीं लड़ते हैं तो आप यह देश खोने जा रहे हैं,' चुनाव सुरक्षा के सामान्य संदर्भ में की गई थी, न कि हिंसा के आह्वान के लिए थी।

 

अब महाभियोग चलाना असंवैधानिक, क्योंकि ट्रंप पद पर नहीं

ट्रंप के वकीलों की दलील यह भी है कि उन्हें संविधान के पहले संशोधन के तहत संरक्षण मिला हुआ था। साथ में उन्होंने यह भी कहा है कि ट्रंप पर महाभियोग चलाना असंवैधानिक है, क्योंकि वह अब पद पर नहीं है। वकीलों की दलील है कि संविधान साधारण नागरिक के खिलाफ महाभियोग चलाने की शक्ति नहीं देता है।

गवाह को बुलाए जाने की संभावना नहीं
इस महाभियोग कार्यवाही के दौरान किसी भी गवाह को बुलाए जाने की संभावना नहीं है। ट्रंप ने भी गवाही में शामिल होने से इनकार कर दिया है। वकीलों ने जोर देकर कहा कि महाभियोग में दोषी साबित होने के बाद बचाव पक्ष (ट्रंप) को पद से हटाना होता है। लेकिन ट्रंप अब व्हाइट हाउस में नहीं हैं, इसलिए ऐसे मुकदमे का कोई कानूनी आधार नहीं है। ट्रंप के वकीलों ने संकेत दिया है कि वे उनके बचाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं द्वारा की गई टिप्पणियों का उल्लेख करेंगे।  

बाइडन नहीं देखेंगे सीधा प्रसारण

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडन, राष्ट्रपति कार्यालय के कामकाज में व्यस्त रहेंगे और वह कार्यवाही का प्रसारण नहीं देख पाएंगे। डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्यों का कहना है कि पद से हटने वाले लोगों के आचरण के खिलाफ महाभियोग चलाने की ऐतिहासिक मिसालें हैं, जिन्होंने पद पर रहते हुए कोई कृत्य किया है। 

इससे पहले राष्ट्रपति के खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया केवल तीन बार हुई जिसमें एंड्रयू जॉनसन, बिल क्लिंटन और फिर पिछले साल ट्रंप को बरी कर दिया गया।

 
विज्ञापन

कैपिटल के आसपास सुरक्षा बढ़ाई

सुनवाई के मद्देनजर कैपिटल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वकीलों ने यह भी कहा कि कानून प्रवर्तकों ने पहले ही छह जनवरी को हिंसा होने का अंदेशा व्यक्त किया किया था, लिहाजा ट्रंप खुद हिंसा के लिए नहीं उकसा सकते थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें