ईरान की राजधानी और दक्षिणी क्षेत्र में बालू के तूफान के बाद तेहरान के स्कूल और सरकारी दफ्तरों को सोमवार को बंद कर दिया गया। सरकारी टीवी ने खराब वायु गुणवत्ता की चेतावनी दी है और बुजुर्गों, बीमारों और बच्चों को एहतियात बरतने की सलाह दी है। यह दूसरी बार है कि तेहरान ने स्कूल और सरकारी दफ्तरों को बंद किया है और यह अप्रैल मध्य से बालू का, चौथा सबसे भीषण तूफान है।
हांगकांग से करीब 300 किलोमीटर दक्षिणपश्चिम में यह डूब गई। इस पर 27 लोग सवार थे, जो लापता हो गए थे। तीन सदस्यीय चालक दल को शनिवार को बचाव दलों ने बचा लिया था। चौथे व्यक्ति को सोमवार को बचाया गया था। अब 12 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। इनकी पहचान के प्रयास चल रहे हैं। बाकी कर्मचारियों की तलाश है।
चीन संचालित ग्वादर बंदरगाह 21 से बंद कराने की धमकी
पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत के मशहूर स्थानीय नेता ने धमकी दी है कि सरकार ने उनकी मांगें पूरी नहीं कीं तो सीपीईसी के तहत बनाए गए चीन संचालित रणनीतिक ग्वादर बंदरगाह को 21 जुलाई से बंद करा देंगे। इस बंदरगाह का संचालन कर चीन अरब सागर तक पहुंच सुनिश्चित करता है।
बलोच अधिकार संगठन चलाने वाले मौलाना हिदायतुर रहमान बलोच ने कहा, बंदरगाह शहर में एक महीने चले धरने के बाद हुए समझौते को सरकार ने पूरा नहीं किया है। इसी पर विरोध दर्ज कराने के लिए बंदरगाह को बंद किया जाएगा। उनकी प्रमुख मांगों में बलोचिस्तान को ट्रेवलर माफिया से मुक्त कराना, ग्वादर की सीमाओं को खोलना, नशा तस्करों पर लगाम, अनावश्यक चेकपोस्टों को खत्म करना हैं। एजेंसी
चीनी राष्ट्रपति के साथ फोटो खिंचाने वाला सांसद निकला कोरोना संक्रमित
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के दौरे के दौरान स्थानीय सांसद स्टीव हो चुन-यिन 30 जून को उनके साथ समूह फोटोग्राफ का हिस्सा बने थे। वह उनके पीछे वाली लाइन में थे। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, चुन-यिन कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। हालांकि फोटो सेशन में भाग लेने से पहले उनका टेस्ट किया गया तो वह कोरोना निगेटिव मिले थे।
उन्होंने बताया, शुक्रवार को हुए परीक्षण के दौरान उनमें हल्का संक्रमण मिला। रविवार को दोबारा टेस्ट के दौरान वह संक्रमित मिले। अपने फेसबुक पेज पर उन्होंने कहा, अब वह ब्रिटेन के चीन को सौंपने की 25वीं वर्षगांठ के दौरान होने वाले किसी भी कार्यक्रम में भाग नहीं लेंगे।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनवा में पत्रकार की गोली मारकर हत्या
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनवा प्रांत के चारसद्दा जिले में अज्ञात बंदूकधारियों ने पत्रकार इफ्तिखार अहमद खान की गोली मारकर हत्या कर दी। डॉन अखबार की खबर के मुताबिक, इफ्तिखार एक्सप्रेस मीडिया ग्रुप के साथ 17 साल से काम कर रहे थे। वह एक्सप्रेस न्यूज टीवी चैनल और उर्दू भाषा के अखबार डेली एक्सप्रेस में कार्यरत थे। उनके भाई हजरत बिलाल ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा, उनकी किसी से दुश्मनी नहीं थी।
घटना के चश्मदीदों ने बताया, मस्जिद में ईसा की नमाज के बाद लौटते समय उनकी हत्या की गई। अपने पीछे वह दो विधवाएं, चार बेटे और चार बेटियां छोड़ गए हैं। रविवार को उन्हें दफना दिया गया। उनकी हत्या के खिलाफ स्थानीय पत्रकारों ने रैली भी निकाली। इस दौरान हत्यारों की 48 घंटे में गिरफ्तारी और परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की गई।
भारत-यूएई के कूटनीतिक रिश्तों के 50 साल होने पर डाक टिकट की प्रति जारी
यूएई के साथ भारत के कूटनीतिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने पर यूएई में भारत के राजदूत संजय सुधीर और यूएई डाक विभाग के सीईओ ने भारत-यूएई संयुक्त स्मारक टिकट की प्रति जारी किया। यूएई में भारतीय दूतावास ने ट्वीट कर यह जानकारी दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने इससे पहले फरवरी में भारत की आजादी के 75 वर्ष और यूएई की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के पर यह संयुक्त स्मारक टिकट जारी किया था।
भारत और यूएई ने तब दोनों नेताओं के बीच संयुक्त शिखर सम्मेलन के बाद एक साझा दृष्टिकोण वक्तव्य भी जारी किया था। इसमें दोनों देशों के व्यापक सामरिक साझेदारी को नए आयाम पर पहुंचाने और नया कीर्तिमान गढ़ने का संकल्प लिया गया था। इसमें भारत और यूएई के बीच भविष्योन्मुखी साझेदारी के लिए एक रोडमैप स्थापित किया गया था और क्षेत्रों और परिणामों की पहचान पर फोकस था।
इसका साझा उद्देश्य अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, जलवायु कार्रवाई, उभरती प्रौद्योगिकियों, कौशल और शिक्षा, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य देखभाल और रक्षा और सुरक्षा सहित विविध क्षेत्रों में नए व्यापार, निवेश और नवाचार को बढ़ावा देना है।