इस्तांबुल स्थित सऊदी अरब के दूतावास में मारे गए अमेरिकी पत्रकार जमाल खशोगी के शव के बारे में रियाद को कोई जानकारी नहीं है। सऊदी अरब के अधिकारियों एक दल द्वारा खशोगी की हत्या की पुष्टि होने के बाद सऊदी विदेश मंत्रालय का यह बयान बेहद चौंकाने वाला है।
विदेशी मामलों के मंत्री अदेल अल-जुबेर ने कहा कि सऊदी अरब के अधिकारियों ने बिना किसी अनुमति खशोगी की हत्या की और इस सिलसिले में 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। खशोगी के शव के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘हमें नहीं पता।’ जुबेर ने कहा कि इस मामले के सरकारी वकील ने तुर्की से सबूत मांगे थे लेकिन उसे कोई जवाब नहीं मिला।
यह पूछे जाने पर कि हिरासत में लिए लोग उसके शव के बारे में क्यों नहीं बता रहे, जुबेर ने कहा, ‘हम जांच कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘हमें कई आशंकाएं हैं और हम उनसे पूछ रहे हैं कि उन्होंने शव का क्या किया और मुझे लगता है कि जांच जारी है और उम्मीद है कि अंत में सच सामने आएगा।’