कई दिन तक लगातार बमबारी कर रूसी सेना ने वोल्नोवाखा कस्बे का वजूद ही मिटा दिया है। पूरे शहर में कोई इमारत साबुत नहीं बची, चारों तरफ सिर्फ भवनों के मलबे सुलगते नजर आते हैं। एक लाख की आबादी वाली वोल्नोवाखा अब एकदम सुनसान है। यहां के 80 फीसदी से ज्यादा लोग शहर छोड़कर भाग चुके हैं।
हमले के ठिकाने तलाश करते हैं रूसी एजेंट
कीव के मुख्य क्षेत्रीय प्रशासक ओलेस्की कुलेबा ने आरोप लगाया है कि रूसी एजेंट शहरों में घूम-घूम कर हमले के ठिकानों की पहचान करते हैं। बाद में रूसी सेना उन ठिकानों पर गोले बरसाती है।
360 वर्ग किलोमीटर में फैला है प्रशिक्षण केंद्र
रूसी हमले में तबाह लवीव के सैन्य प्रशिक्षण केंद्र का इस्तेमाल अमेरिकी एवं अन्य नाटो देशों के प्रशिक्षकों द्वारा यूक्रेनी सेना को प्रशिक्षण देने के लिए किया जाता था। 360 वर्ग किलोमीटर में फैला यह केंद्र यूक्रेन के सबसे बड़े सैन्य प्रशिक्षण केंद्रों में एक है।
यूक्रेन को 20 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त मदद देगा अमेरिका
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने रविवार को कहा कि यूक्रेनी सैनिकों को बख्तरबंद और हवाई हमलों के खतरों का मुकाबला करने के लिए अमेरिका 20 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त मदद देगा। इससे पहले अमेरिकी संसद यूक्रेन की मदद के लिए 1.2 अरब डॉलर की रकम मंजूर कर चुकी है। इस तरह से अब बाइडन प्रशासन यूक्रेन की मदद के लिए 1.2 अरब डॉलर से ज्यादा खर्च कर पाएगा। ब्लिंकन ने बताया कि 20 करोड़ डॉलर की यह मदद तुरंत मुहैया कराई जा रही है। यह यूक्रेन की रक्षात्मक क्षमता को बढ़ाने के लिए है। इसके अलावा अमेरिका यूक्रेनी लोगों की मानवीय आधार पर मदद करता रहेगा। अमेरिका और सहयोगी देश रूसी हमले के खिलाफ यूक्रेन के लोगों के साथ हैं।