रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव
- फोटो : twitter
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने अपने पुराने बयान से यू-टर्न लेते हुए पश्चिमी देशों पर परमाणु युद्ध की बात कहने का आरोप लगाया। लावरोव ने कहा कि रूस के दिमाग में ऐसी कोई बात नहीं चल रही है। लावरोव ने कहा कि हम यूक्रेन में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते रहेंगे। साथ ही कहा कि हम यूक्रेन से बातचीत को भी तैयार हैं।
लावरोव ने कहा था, तीसरा विश्वयुद्ध एटमी हथियारों से लड़ा जाएगा
सर्गेई लावरोव ने बुधवार 2 मार्च को आगाह किया था कि तीसरा विश्वयुद्ध एटमी हथियारों से लड़ा जाएगा और इसमें भारी तबाही होगी। यही कारण है कि एटमी हथियार हासिल करने की यूक्रेन की योजना पर मॉस्को की जवाबी कार्रवाई बहुत जरूरी है। लावरोव ने दावा किया कि रूस यूक्रेन को एटमी हथियार हासिल नहीं करने देगा।
विदेश मंत्री लावरोव ने कहा था कि यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के नेतृत्व में एटमी हथियार हासिल करने की योजना मूल रूप से पड़ोसी देशों और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा होगी। इसका जवाब देना जरूरी है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन भी इस खतरे को बखूबी समझते हैं। वह एक अनुभवी व्यक्ति हैं और पहले ही कह चुके हैं कि युद्ध प्रतिबंधों का एकमात्र विकल्प हैं। लावरोव की यह टिप्पणी रूस पर प्रतिबंध लगाने वाले देशों के लिए एक चेतावनी थी।
लावरोव ने कहा, रूस प्रतिबंधों को लेकर तैयार था लेकिन उसे उम्मीद नहीं थी कि पश्चिमी देश उसके खिलाड़ियों, पत्रकारों और सांस्कृतिक हस्तियों पर प्रतिबंध लगाएंगे। रूसी राष्ट्रपति ने पश्चिमी देशों के साथ तनाव बढ़ता देख अपनी एटमी बलों को हाई अलर्ट पर कर दिया है।