रूस ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव पर सोमवार रात शक्तिशाली ग्लाइड बम और ड्रोन से हमला किया। इस हमले में एक अस्पताल को निशाना बनाया गया। इसमें सात लोग घायल हो गया। यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करने के लिए वॉशिंगटन रवाना होने वाले हैं। जेलेंस्की अमेरिका से और अधिक सैन्य मदद मांग सकते हैं।
शहर के मुख्य अस्पताल को बनाया निशाना
खारकीव में शहर के मुख्य अस्पताल को निशाना बनाया गया। क्षेत्रीय प्रमुख ओलेह सिनेहुबोव ने बताया कि इस हमले के बाद 50 मरीजों को तुरंत अस्पताल से बाहर निकाला गया। जेलेंस्की ने कहा कि हमले का मुख्य लक्ष्य ऊर्जा से जुड़ी सुविधाएं थीं। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि वास्तव में कौन-कौन से ठिकाने निशाना बने हैं।
ये भी पढ़ें:
ट्रंप ने क्लिंटन से मिली सराहना का किया स्वागत, अमेरिकी राष्ट्रपति को मिस्र का सर्वोच्च सम्मान
उर्जा संयंत्रों को निशाना बना रहा रूस
जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर कहा, 'रूस हर दिन, हर रात हमारे उर्जा संयंत्रों, बिजली की लाइनों और प्राकृतिक गैस संसाधनों पर हमला कर रहा है। रूस की यह लंबी दूरी की हमले की रणनीति फरवरी 2022 से चली आ रही है, जब उसने यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण शुरू किया था। इसका मकसद यूक्रेन की बिजली आपूर्ति को ठप करना है, ताकि सर्दियों में आम नागरिकों को गर्मी और पीने के पानी से वंचित किया जा सके।
जेलेंस्की ने दुनिया के देशों से की अपील
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने दुनिया के देशों से अपील की कि वे यूक्रेन को और अधिक वायु रक्षा प्रणाली (एयर डिफेंस सिस्टम) उपलब्ध कराएं, ताकि वह रूस के इन हमलों को रोक सके। उन्होंने कहा कि यूक्रेन लगभग टेक्सस (अमेरिका का दक्षिणी राज्य) जितना बड़ा देश है और उसे पूरी तरह से हवाई हमलों से बचाना आसान नहीं है। जेलेंस्की ने कहा, 'हम अमेरिका, यूरोप, जी7 और उन सभी देशों की ओर देख रहे हैं, जिनके पास ये प्रणालियां हैं और वे इन्हें देकर हमारे नागरिकों की रक्षा कर सकते हैं। दुनिया को मॉस्को को वास्तव में बातचीत की मेज पर लाने के लिए मजबूर करना होगा।
ये भी पढ़ें:
'आप बहुत खूबसूरत हैं': ट्रंप ने की तारीफ, तुर्किये के राष्ट्रपति की अपील; फिर सुर्खियों में मेलोनी का ये अंदाज
वॉशिंगटन में मुलाकात करेंगे जेलेंस्की-ट्रंप
यूक्रेनी राष्ट्रपति शुक्रवार को वॉशिंगटन में ट्रंप से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच होने वाली बातचीत का मुख्य विषय अमेरिका की ओर से यूक्रेन को नई और उन्नत लंबी दूरी की मिसाइलों की आपूर्ति हो सकता है, ताकि यूक्रेन रूस पर जवाबी हमला कर सके। ट्रंप पहले ही रूस को चेतावनी दे चुके हैं कि वह यूक्रेन को टोमहॉक क्रूज मिसाइलें दे सकते हैं। अमेरिका पहले इस कदम से बचता रहा है, क्योंकि इससे युद्ध और भड़क सकता है। लेकिन अब इस विकल्प पर विचार हो रहा है, जो अमेरिका और रूस के बीच तनाव और बढ़ा सकता है।