10:46 AM, 25-Mar-2022
ऊर्जा जरूरतों के लिए रूस पर निर्भर यूरोप, नहीं रोक पा रहा सप्लाई
यूरोपीय संघ के सदस्य देशों ने एक सम्मेलन में, यूक्रेन पर हमले को लेकर रूस पर प्रतिबंध के मुद्दे पर एकजुटता दिखाई लेकिन ऊर्जा क्षेत्र के मुद्दे पर 27 देशों के नेताओं में सहमति नहीं बन पाई। यूक्रेन पर रूस के हमले के संबंध में यह शिखर सम्मेलन आयोजित किया गया था। युद्ध की शुरुआत में, ईयू के सदस्य देशों ने रूस की अर्थव्यवस्था, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और रूसी धनाढ्य वर्ग को लक्षित कर कड़े कदम उठाते हुए कई प्रतिबंध लगाए थे। अमेरिका के रुख के उलट, ईयू ने अब तक रूस से प्राप्त होने वाले जीवाश्म ईंधन पर पाबंदी नहीं लगाई है जिससे पता चलता है कि सदस्य देशों के उद्योग रूस के तेल, प्राकृतिक गैस और कोयले के भंडार पर किस हद तक निर्भर हैं।