यूक्रेन से 182 भारतीय नागरिकों को लेकर ऑपरेशन गंगा के तहत एक विशेष उड़ान रोमानिया के बुखारेस्ट से मुंबई पहुंची।
संयुक्त राष्ट्र की शरणार्थी एजेंसी के प्रमुख ने कहा है कि रूस के हमले की वजह से यूक्रेन छोड़ने वाले लोगों की संख्या इस सप्ताह के अंत तक 15 लाख तक पहुंच सकती है। अभी यह आंकड़ा 13 लाख है। यूएनएचसीआर के अध्यक्ष फिलिपो ग्रांडी ने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप में हम सबसे तेजी से बढ़ता शरणार्थी संकट देख रहे हैं।
मारियुपोल के उप मेयर सर्गी ऑरलोव ने कहा है कि लोग शहर से निकलने की कोशिश कर रहे हैं तो उन पर गोलाबारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले हमारे लोगों ने कहा कि कुछ देर के लिए गोलाबारी बंद होगी। लेकिन यह जारी रही और वह मारियुपोल पर बम और रॉकेट बरसा रहे हैं। शहर पर गोलाबारी और जपोरिजिया के लिए मार्ग पर लड़ाई की वजह से लोगों को निकालना असंभव है।