बैलेस्टिक मिसाइल पर रूस का दावा
रूस ने दावा किया है कि वह अपनी सरमट इंटरकांटिनेंटल बैलेस्टिक मिसाइल को सितंबर-अक्तूबर तक हमले के लिए तैनात कर देगा। यूक्रेन युद्ध के दौरान अमेरिका और पश्चिमी देशों के साथ चल रहे तनाव के बीच विकसित की गई इस मिसाइल के अजेय होने का दावा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने किया है। उन्होंने कहा कि यह मिसाइल हर तरह के डिफेंस सिस्टम को फेल करने की क्षमता रखती है। यह एक साथ दस या इससे ज्यादा परमाणु हथियार लेकर कई लक्ष्यों पर परमाणु हमला करने में सक्षम है।
रूसी सैनिकों ने मारियुपोल में यूक्रेनी सेना के अंतिम मजबूत गढ़ पर हमला किया
यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के एक सलाहकार ने कहा है कि रूसी सैनिक बंदरगाह शहर मारियुपोल में एक इस्पात संयंत्र पर हमला कर रहे हैं, जो यूक्रेनी सेना का अंतिम मजबूत गढ़ है। यूक्रेन में राष्ट्रपति कार्यालय के प्रमुख के एक सलाहकार ओलेक्सीव एरस्तोविच ने शनिवार को प्रेस ब्रीफिंग में कहा कहा कि रूसी सैनिकों ने एजोवस्तल पर हवाई हमले फिर से शुरू कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि दुश्मन एजोवस्तल इलाके में मारियुपोल के रक्षकों के प्रतिरोध का पूरी तरह से दमन करने की कोशिश कर रहा है।
पोपसना में रूसी गोलाबारी में दो लोगों की मौत
यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच शनिवार को लुगांस्क के गवर्नर सेरही हैदाई ने कहा कि पोपसना शहर में रूसी गोलाबारी में दो लोगों की मौत हो गई। हैदाई ने मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम पर शनिवार को कहा कि इस क्षेत्र में आवासीय भवनों पर कल 12 बार गोलाबारी की गई, और सबसे अधिक गोलाबारी पोपसना शहर में हुई है। उन्होंने लिखा, 'इसके अलावा, रूसी सेना लगातार बहुमंजिला इमारतों और घरों पर हमले कर रही है। शुक्रवार को स्थानीय लोगों को गोलाबारी का सामना करना पड़ा...जिनमें से कुछ की मौत हो गई।'
पूर्वी यूक्रेन के दोनेत्स्क क्षेत्र में शुक्रवार को गोलाबारी में कम से कम तीन नागरिकों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। क्षेत्र के गवर्नर ने एक टेलीग्राम पोस्ट में यह जानकारी दी। गवर्नर पावलो किरिलेंको ने तीनों लोगों की मौत के लिये रूसी गोलाबारी को जिम्मेदार ठहराया। किरिलेंको ने एक अन्य टेलीग्राम पोस्ट में कहा कि शुक्रवार दोपहर तक, रूसियों ने क्षेत्र में 20 बस्तियों पर गोलियां चलाईं और 34 नागरिक बुनियादी सुविधाओं को नष्ट या क्षतिग्रस्त कर दिया।
यूक्रेन के सैन्य अधिकारी ने कहा कि रूसी सैनिक पूर्वी यूक्रेन में यूक्रेनी सुरक्षा बलों को हराने के मकसद से लगातार हमले कर रहे हैं ताकि वे दोनेत्स्क और लुहांस्क पर पूरी तरह कब्जा कर लें। उनका मकसद इन क्षेत्रों से क्रीमिया तक जमीनी रास्ता तैयार करना है। अधिकारी ने शनिवार को फेसबुक पेज पर कहा कि यूक्रेन की सेना ने पिछले 24 घंटों में दो क्षेत्रों में आठ रूसी हमलों को विफल किया, जिसमें नौ टैंक, 18 बख्तरबंद इकाइयां और 13 वाहन, एक टैंकर और तीन तोपखाने नष्ट हो गए।
यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच शनिवार को लुगांस्क के गवर्नर सेरही हैदाई ने कहा कि पोपसना शहर में रूसी गोलाबारी में दो लोगों की मौत हो गई। हैदाई ने मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम पर शनिवार को कहा कि इस क्षेत्र में आवासीय भवनों पर कल 12 बार गोलाबारी की गई, और सबसे अधिक गोलाबारी पोपसना शहर में हुई है। उन्होंने लिखा, 'इसके अलावा, रूसी सेना लगातार बहुमंजिला इमारतों और घरों पर हमले कर रही है। शुक्रवार को स्थानीय लोगों को गोलाबारी का सामना करना पड़ा...जिनमें से कुछ की मौत हो गई।' उन्होंने कहा कि लिसिचांस्क और नोवोदुरशेस्क में भी कुछ मकान तबाह हो गए।
अमेरिका की एक वरिष्ठ अधिकारी ने चीन को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के यूक्रेन में ‘‘बिना उकसावे वाले’’ युद्ध में ‘‘साजोसामान संबंधी सहयोग’’ देने के खिलाफ आगाह किया है। उन्होंने कहा कि मॉस्को के खिलाफ प्रतिबंधों से बीजिंग को यह अंदाजा हो गया होगा कि अमेरिका क्या कर सकता है। उप विदेश मंत्री वेंडी शर्मन ने ब्रसेल्स में चीन पर यूरोपीय संघ-अमेरिका वार्ता की तीसरी बैठक के बाद बृहस्पतिवार को यह चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पुतिन द्वारा यूक्रेन के खिलाफ बिना उकसावे के युद्ध छेड़ने से तीन सप्ताह पहले उन्होंने और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने एलान किया था कि चीन और रूस के बीच साझेदारी असीमित है।
रूस को पश्चिमी देशों द्वारा अलग-थलग करने के बावजूद वह तब तक जी-20 का सदस्य बना रहेगा जब कि कि सदस्य देश इस सहमति पर न पहुंचे कि उसे इससे बाहर करना चाहिए। चीन, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका समेत कई देशों ने साफ कर दिया है कि वे जी-20 में रूस की सदस्यता का समर्थन करेंगे। पिछले हफ्ते जब विश्व के नेता वाशिंगटन में बैठक के लिए जुटे तब इसके संकेत मिले कि यूक्रेन पर रूस के हमले के बावजूद जी-20 में उसकी सदस्यता बनी हुई है। इस बैठक में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष, विश्व बैंक, जी-7 और 20 देशों के वृहद समूह के अधिकारी शामिल हुए थे।
रूस और यूक्रेन के बीच युद्धग्रस्त देश के औद्योगिक गढ़ पर नियंत्रण को लेकर संघर्ष शुरू हो सकता है क्योंकि यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया है कि रूस ने अपनी सैन्य इकाइयों को मारियुपोल बंदरगाह से पूर्वी यूक्रेन भेजना शुरू कर दिया है। यूक्रेन की राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा परिषद के सचिव ओलेक्सी डैनिलोव ने कहा कि क्रेमलिन ने यूक्रेन में लड़ाई में सीरिया और लीबिया से 100,000 से अधिक सैनिकों और भाड़े के सैनिकों को उतारा है और देश में हर दिन अधिक सेना तैनात कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे समक्ष मुश्किल स्थिति है, लेकिन हमारी सेना हमारे देश की रक्षा कर रही है।’’
यूक्रेन के एक मंत्री ने शुक्रवार को भारत से युद्धग्रस्त उनके देश को ‘‘अधिक सक्रिय रूप से’’ समर्थन देने का आग्रह किया। उन्होंने पश्चिमी देशों से रूसी तेल और गैस के निर्यात पर ‘वास्तविक प्रतिबंध’’ लगाने का भी आह्वान किया। यूक्रेन के संस्कृति एवं सूचना मंत्री ऑलेक्जेंडर त्काचेंको ने कहा कि यूक्रेन के खिलाफ रूस की कार्रवाई कई दशक पहले यूरोप में एडोल्फ हिटलर की तुलना में अलग नहीं है और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का लक्ष्य उनके देश पर पूरी तरह से कब्जा करना और इसकी पहचान को मिटाना है। उन्होंने कहा कि भारत और यूक्रेन लोकतांत्रिक मूल्यों को साझा करते हैं।
यूक्रेन के ध्वस्त हो चुके शहर मारियुपोल के बाहर एक और सामूहिक कब्र मिली है। शहर के मेयर के सलाहकार ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। शहर की परिषद ने ‘प्लेनेट लैब्स’ द्वारा उपग्रह से ली गयी एक तस्वीर पोस्ट की है जिसे सामूहिक कब्र बताया जा रहा हैं। बताया जा रहा है कि 45 मीटर लंबे और 25 मीटर चौडी इस कब्र में मारियुपोल के कम से कम 1,000 निवासियों के शव हो सकते हैं।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि बीते हफ्ते युद्धपोत मोस्कवा पर आग लगने के कारण एक नौसैनिक की मौत हो गई, जबकि 27 लापता हैं और 396 को बचा लिया गया। रूस की ओर से यह बयान युद्धपोत के डूबने के एक हफ्ते बाद आया है। घटना के कुछ देर बाद रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया था कि पोत पर सवार सभी लोगों को बचा लिया गया है। मंत्रालय ने विरोधाभासी बयानों पर कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया। यूक्रेन ने कहा था कि उसने युद्धपोत पर मिसाइल से हमला किया था।
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस अगले हफ्ते रूस के बाद यूक्रेन का भी दौरा करेंगे। गुटेरेस मंगलवार को मॉस्को में व्लादिमीर पुतिन से मिलने के बाद कीव जाएंगे, जहां उनकी मुलाकात यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से होगी। इसके अलावा वे यूक्रेनी विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा से भी मिलेंगे।