रूस और यूक्रेन ने रातभर एक-दूसरे के इलाकों में हमले किए। इन हमलों में दोनों देशों के नागरिकों की मौत हुई और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, दोनों तरफ हुए हमलों में कुल सात लोगों की जान गई। रूस के सीमावर्ती बेलगोरोड क्षेत्र में यूक्रेनी ड्रोन हमलों में पांच लोगों की मौत हो गई और करीब दो दर्जन लोग घायल हुए। घायलों में चार साल का एक बच्चा भी शामिल है। क्षेत्रीय प्रशासन के अनुसार, हमलों में 29 अपार्टमेंट ब्लॉक, पांच निजी मकान, प्रशासनिक इमारतों और कई व्यावसायिक परिसरों को नुकसान पहुंचा है।
वहीं, यूक्रेन के खारकीव शहर के साल्टिवस्की जिले में रूसी मिसाइल ने एक बहुमंजिला अपार्टमेंट को निशाना बनाया। क्षेत्रीय प्रमुख ओलेह सिनेहुबोव के मुताबिक, हमले में दो लोगों की मौत हुई और 13 लोग घायल हुए। यूक्रेन के काला सागर बंदरगाह ओडेसा और आसपास के इलाके में भी रूसी हमले हुए। स्थानीय प्रशासन के प्रमुख ओलेह किपर ने बताया कि शहर और आसपास के क्षेत्र में दर्जनों मिसाइलें और ड्रोन दागे गए, जिसमें आठ लोग घायल हुए।
यूक्रेन के लिए पैट्रियट मिसाइलों की कमी बनी बड़ी चिंता
यूक्रेन के शहरों पर रूस के बड़े पैमाने पर मिसाइल हमले हाल के हफ्तों में लगभग नियमित हो गए हैं। समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस यूक्रेन के अमेरिकी निर्मित पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम के इंटरसेप्टर की गंभीर कमी का फायदा उठा रहा है। पैट्रियट यूक्रेन के पास मौजूद ऐसा एकमात्र वायु रक्षा हथियार बताया गया है, जो बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराने में सक्षम है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की पिछले कई महीनों से दूसरे देशों, खासकर अमेरिका से और अधिक पैट्रियट सिस्टम देने की अपील कर रहे हैं। ईरान युद्ध के कारण इन प्रणालियों की उपलब्धता और कम होने के बीच जेलेंस्की का कहना है कि ये सिस्टम यूक्रेन के नागरिकों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी हैं।
पैट्रियट गोला-बारूद यूक्रेन में बनाने की तैयारी
अगर दूसरे देशों से पर्याप्त पैट्रियट सिस्टम और गोला-बारूद नहीं मिलता है, तो जेलेंस्की यूक्रेन में ही पैट्रियट मिसाइलों का गोला-बारूद बनाने की कोशिश करना चाहते हैं। इसके अलावा वह एलन मस्क से रूस के भीतर हमलों को निर्देशित करने के लिए उनकी स्टारलिंक सैटेलाइट संचार प्रणाली के इस्तेमाल की मंजूरी चाहते हैं। इसका मकसद रूस के उन मिसाइल लॉन्चरों को निशाना बनाना होगा, जहां से यूक्रेन पर हमले किए जाते हैं।
यह भी पढ़ें: West Asia: 'सऊदी में गैस संयंत्र पर हमले के पीछे हूती विद्रोहियों का हाथ', इस्राइली मीडिया ने क्या दावे किए?
रूस के भीतर यूक्रेन के ड्रोन हमले भी जारी
इस बीच, यूक्रेन ने रूस के भीतर लंबी दूरी के ड्रोन हमले जारी रखे हैं। यूक्रेन रूसी ऊर्जा ढांचे के साथ-साथ देश के सबसे बड़े ऑनलाइन रिटेलर वाइल्डबेरीज और रूस के अंदर मौजूद अन्य ठिकानों को भी निशाना बना रहा है। एपी की रिपोर्ट में कहा गया है कि इन हमलों से रूस में ईंधन संकट पैदा हो गया है।
रातभर में 153 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए: रूस का दावा
रूस के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को दावा किया कि उसके रातभर के हमलों में खारकीव क्षेत्र में मौजूद ड्रोन गोदामों के अलावा ओडेसा बंदरगाह पर यूक्रेनी सशस्त्र बलों के ईंधन डिपो और अन्य सैन्य सामग्री के भंडार को निशाना बनाया गया।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने यह भी दावा किया कि उसकी सेना ने रात के दौरान 153 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए। इनमें रूस के कब्जे वाले क्रीमिया, काला सागर और आजोव सागर के ऊपर उड़ रहे ड्रोन भी शामिल थे। वहीं, बेलगोरोड क्षेत्र के अधिकारियों के अनुसार, यूक्रेनी ड्रोन हमलों से 29 अपार्टमेंट ब्लॉक और पांच निजी मकानों के अलावा प्रशासनिक इमारतों तथा कुछ व्यावसायिक परिसरों को भी नुकसान पहुंचा।