चुनौतियां : दो दिन से स्टॉक ट्रेडिंग बंद
रूस में मंगलवार को स्टॉक ट्रेडिंग बंद रही। सोमवार को भी स्टॉक मार्केट बंद था। इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल फाइनेंस ने रूस की अर्थव्यवस्था में 10% से अधिक गिरावट का संकेत दिया है।
रूबल में सुधार : 3.3 प्रतिशत और मजबूत
रूसी मुद्रा रूबल डॉलर के मुकाबले 82 से 120 तक गिरने के बाद मंगलवार को 3.3 प्रतिशत बढ़ा। मॉस्को में 91.49 आैर इलेक्ट्रॉनिक ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म ईबीएस पर इसका मूल्य 103 रहा।
ताइवान भी स्विफ्ट प्रतिबंध लगाएगा
चीन के दबाव से त्रस्त ताइवान ने भी रूस को स्विफ्ट सिस्टम से प्रतिबंधित करने की घोषणा की। प्रधानमंत्री सु सेंग चांग ने अपनी संसद युआन में कहा कि देश के बैंकों से रूस बैंकों के लिए लेन-देन नहीं होगा। उल्लेखनीय है कि चीन ने अब तक रूस-यूक्रेन युद्ध में रूसी हितों की खुली वकालत कर प्रतिबंधों का विरोध किया है।
रिजर्व से बढ़ाई जा सकती है तेल आपूर्ति
टोक्यो में 30 सदस्य देशों की अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी ने विशेष बैठक बुलाई, जहां तेल पर युद्ध का असर घटाने के उपायों पर चर्चा होगी। अमेरिका और उसके सहयोगी तेल के रिजर्व भंडारों से कुछ मात्रा जारी कर कीमतों और घटती आपूर्ति पर नियंत्रण का सुझाव दे सकते हैं। अमेरिका, जापान, जर्मनी, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया आदि 30 देशों के पास दुनिया में आधे तेल रिजर्व हैं। इसमें 90 दिन के आयात के बराबर रिजर्व रहता है।
4.70 लाख विदेशी यूक्रेन में फंसे
युद्धग्रस्त यूक्रेन में इस समय 4.70 लाख विदेशी नागरिक फंसे हुए हैं। इनमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी और प्रवासी श्रमिकों सहित अन्य कामकाजी वर्ग के लोग हैं। यह जानकारी संयुक्त राष्ट्र माइग्रेशन एजेंसी (आईओएम) ने मंगलवार को दी। उसने यूक्रेन के सभी पड़ोसी देशों से इन लोगों को अपने यहां प्रवेश करने व शरण देने की अपील की।
अफ्रीकी संघ बोला- अफ्रीकियों से भेदभाव
अफ्रीकी देशों के संघ ने आरोप लगाया कि उनके देशों के नागरिकों से भेदभाव करते हुए यूक्रेन के सैनिक व पुलिस सीमा पार करने से रोक रहे हैं।