रूस ने की खेरसान से पीछे हटने की घोषणा
रूसी सेना ने बुधवार को घोषणा की कि वह यूक्रेन के दक्षिणी शहर खेरसान और आसपास के इलाकों से हट रही है। आठ महीने पुरानी जंग में यह रूसी फौजों की एक और अपमानजनक पराजय है। यूक्रेनी अधिकारियों ने हालांकि इसकी पुष्टि नहीं की है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की हाल के दिनों में कहते रहे हैं कि रूसी खेरसान शहर से हटने का बहाना कर यूक्रेनी फौजो को उलझी हुई जंग में झौंकना चाहते हैं।
रूसी सेना के सर्वोच्च कमांडर जनरल सर्गेई सुरोविकिन ने रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु को बुधवार को भेजी रिपोर्ट में कहा कि खेरसान व आसपास और नीपर नदी के पश्चिमी किनारे तक रसद की आपूर्ति असंभव हो गई थी। इसके बाद शोइगु ने जनरल को पीछे हटने का आदेश दिया। खेरसान शहर इसी नाम के प्रांत की राजधानी है, जिसे रूस ने अवैध तरीके से यूक्रेन से अलग कर दिया है। यहां से हटना रूस के लिए एक और कड़वा घूंट होगा।
2,80,000 आबादी वाला यह शहर एकमात्र क्षेत्रीय राजधानी था, जिस पर 24 फरवरी को हमला करने के बाद रूस का कब्जा था। रूसी फौजों से छीना हुआ इलाका वापस लेने के लिए यूक्रेनी फौजों ने गर्मियों में पटलवार की रणनीति बनाई थी। रूस की ओर से नियुक्त अधिकारियों ने बताया कि अक्तूबर के अंत में शहर के 70 हजार से ज्यादा नागरिकों और मास्को नियुक्त प्रशासन ने शहर छोड़ दिया था।