यूक्रेन में शांति के लिए सऊदी अरब के जेद्दा में 40 देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक को रूस ने व्यर्थ करार दिया है। सोमवार को रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा, यह बातचीत पूरी तरह से व्यर्थ है, क्योंकि इसमें रूस को शामिल ही नहीं किया गया।
रूस के हितों को ध्यान में रखकर और रूस की भागीदारी के बिना इस तरह की कोई भी बैठक औचित्यहीन ही रहेगी। इसके साथ ही रूसी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि रूस युद्ध खत्म करने के कूटनीतिक उपायों के लिए तैयार है, बशर्ते कोई गंभीर प्रस्ताव सामने रखा जाए। वहीं, इस तरह की बैठक में पहली बार शामिल हुए चीन ने रूस के रुख से विपरीत कहा, सऊदी अरब का प्रयास प्रशंसनीय और सफल रहा। इस तरह के प्रयासों से ही यूक्रेन में शांति के लिए अंतरराष्ट्रीय सहमति बनाने में में मदद मिलेगी।
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के यूरेशियन मामलों में विशेष दूत ली हुई ने कहा, यूक्रेन संकट के राजनीतक समाधान के लिए व्यापक विचार विमर्श हुआ, सभी पक्षों ने धैर्य से सबको सुना और इस मसले के हल के लिए अंतरराष्ट्रीय सहमति का रास्ता आगे बढ़ाया है।